आनंद महिंद्रा हुए झारखंड की वादियों के मुरीद! इस स्थान को बताया 'बादलों की पहाड़ी'

Anand Mahindra: आनंद महिंद्रा ने झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता को भारत का 'अनकहा रहस्य' बताया है. मेघहातुबुरु की बादलों से ढकी पहाड़ियों और सारंडा के जंगलों की तारीफ करते हुए उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बताया.

Anand Mahindra, रांची (मनोज कुमार सिंह): प्रसिद्ध उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर झारखंड की प्राकृतिक छटा की जमकर सराहना करते हुए इसे भारत का एक “अनकहा रहस्य” बताया है. उन्होंने अपने पोस्ट में भारतीय पर्यटन के पारंपरिक दृष्टिकोण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आमतौर पर जब भी पर्यटन की चर्चा होती है, तो लोगों के जेहन में गोवा के समुद्र तट, राजस्थान के ऐतिहासिक किले या हिमाचल की बर्फीली वादियां आती हैं, लेकिन इस दौड़ में झारखंड की अद्भुत सुंदरता अक्सर नजरअंदाज रह जाती हैं.

मेघहातुबुरु को बताया ‘बादलों की पहाड़ी’

आनंद महिंद्रा ने खास तौर पर पश्चिमी सिंहभूम स्थित मेघहातुबुरु की खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए इसे “बादलों की पहाड़ी” (Hill of Clouds) से संबोधित किया. ‘सारंडा जंगल’ के बीच स्थित यह स्थान समुद्र तल से लगभग 4,300 फीट की ऊंचाई पर है. महिंद्रा ने यहां के प्रसिद्ध ‘सनसेट पॉइंट’ का उल्लेख करते हुए इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए एक रियल स्वर्ग बताया है. उनके इस पोस्ट में नेतरहाट की पहाड़ियों, बेतला नेशनल पार्क की वन्यजीव विविधता, बैद्यनाथ धाम की आध्यात्मिकता और हुंडरू फॉल्स के वेग का भी जिक्र था, जिन्हें उन्होंने किसी भी अंतरराष्ट्रीय गंतव्य को टक्कर देने वाला बताया.

Also Read: लातेहार: डैम में समा गईं दो जिंदगियां! दो युवकों की नहाने के दौरान मौत, मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

झारखंड सरकार ने व्यक्त किया आभार

आनंद महिंद्रा के इस सकारात्मक पोस्ट पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने राज्य सरकार की ओर से आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी सोच और उनके नेतृत्व में झारखंड को एक “यूनिक और सोलफुल” पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है. सरकार वर्तमान में राज्य के पर्यटन स्थलों तक कनेक्टिविटी सुधारने, आधुनिक गेस्टहाउस और लग्जरी रिसॉर्ट्स के निर्माण के साथ-साथ ‘इको-टूरिज्म’ को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है.

वैश्विक मानचित्र पर उभरता झारखंड

पर्यटन मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड अपनी प्राकृतिक शुद्धता और “अनटच्ड ब्यूटी” के कारण बहुत जल्द वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक मजबूत और विशिष्ट पहचान बनाने में सफल होगा. सरकार की योजना ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा देने की है, ताकि स्थानीय समुदायों को रोजगार मिल सके और सैलानी झारखंड की मूल संस्कृति और परंपराओं से रूबरू हो सकें. आनंद महिंद्रा जैसे प्रभावशाली व्यक्तित्व द्वारा की गई इस प्रशंसा से निश्चित रूप से आने वाले समय में झारखंड में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद है.

Also Read: रामगढ़ में लोको पायलटों का ‘हल्ला बोल’! कॉशन पेपर के लिए YM ऑफिस जाने से इनकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >