Monsoon 2025: मानसून की शुरू हो गयी वापसी, जानें झारखंड में कैसा रहेगा आज का मौसम
Aaj Ka Mausam Jharkhand: देश से मानसून की वापसी भले शुरू हो गयी हो, लेकिन झारखंड में अभी मानसून सक्रिय है. सितंबर के महीने में मानसून सामान्य से कम बरसा है, लेकिन पूरे सीजन की बात करें, तो सामान्य से 18 फीसदी अधिक वर्षा हो चुकी है. आज का मौसम कैसा रहने वाला है झारखंड में जान लें.
Table of Contents
Aaj Ka Mausam: जून के महीने में किसान जिस मानसून का शिद्दत से इंतजार करते हैं, वह मानसून अब लौटने लगा है. पश्चिमी राजस्थान से इसकी वापसी की शुरुआत 14 सितंबर को गयी. हालांकि, झारखंड में अभी मानसून सक्रिय है और लो प्रेशर एरिया का असर आज भी देखने को मिलेगा. सोमवार 15 सितंबर 2025 के लिए मौसम केंद्र रांची ने 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. कहा है कि कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है.
16 जिलों में हो सकती है हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी स्पेशल बुलेटिन में कहा गया है कि 15 सितंबर को रांची समेत 16 जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी हो सकती है. कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है. कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात भी होने की आशंका मौसम विभाग ने जतायी है.
इन 16 जिलों में आंधी-तूफान के साथ वर्षा-वज्रपात का अलर्ट
- पूर्वी सिंहभूम
- पश्चिमी सिंहभूम
- सिमडेगा
- सरायकेला-खरसावां
- देवघर
- दुमका
- गिरिडीह
- गोड्डा
- जामताड़ा
- पाकुड़
- साहिबगंज
- रांची
- बोकारो
- धनबाद
- खूंटी
- रामगढ़
झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Aaj Ka Mausam: अधिकतम तापमान में आयेगी गिरावट
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले 3 दिन में उच्चतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट आने की उम्मीद है. राज्य के सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की उम्मीद है.
रांची में छाया रहेगा आसमान, बारिश की संभावना
राजधानी रांची में आसमान में बादल छाये रहेंगे. मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है. इससे पहले मौसम केंद्र ने कहा कि रविवार सुबह 8:30 बजे तक उत्तर तेलंगाना और उससे सटे विदर्भ के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था. इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला था और दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है. यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर मध्य विदर्भ और आसपास के क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा.
चक्रवाती परिसंचरण का झारखंड के मौसम पर दिखेगा असर
इसके बाद यह एक अवशिष्ट ऊपरी हवाओं के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में लगभग उत्तर की ओर बढ़ सकता है. पश्चिमी हवाओं में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ (निम्न दबाव की रेखा) मोटे तौर पर 84 डिग्री पूर्वी देशांतर के साथ 23 डिग्री उत्तरी अक्षांत के उत्तर में फैली हुई है. दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच एक ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है. इसका असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिलेगा.
14 सितंबर तक 1079.4 मिमी हुई बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में 1 जून से 14 सितंबर के बीच 1079.4 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 18 फीसदी अधिक है. राज्य में इस दौरान 913.4 मिमी वर्षा को सामान्य मानसून माना जाता है. हालांकि, सितंबर के 14 दिनों में सामान्य से 40 फीसदी कम वर्षा हुई है. 1 से 14 सितंबर के बीच 114.6 मिमी वर्षा के मुकाबले 68.5 मिमी ही बारिश हुई है.
झारखंड के 24 जिलों में अब तक हुई वर्षा का पूरा आंकड़ा
| क्रम | जिला का नाम | वास्तविक वर्षा (मिमी में) | सामान्य वर्षा (मिमी में) | विचलन (%) |
|---|---|---|---|---|
| 1 | बोकारो | 946 | 818.3 | 16 |
| 2 | चतरा | 929.4 | 836.4 | 11 |
| 3 | देवघर | 747.4 | 853.9 | -12 |
| 4 | धनबाद | 1257.7 | 947.1 | 33 |
| 5 | दुमका | 1074 | 907.2 | 18 |
| 6 | पूर्वी सिंहभूम | 1564.7 | 981.9 | 59 |
| 7 | गढ़वा | 765.6 | 822 | -7 |
| 8 | गिरिडीह | 948.2 | 858.9 | 10 |
| 9 | गोड्डा | 722.5 | 791 | -9 |
| 10 | गुमला | 986.5 | 960.7 | 3 |
| 11 | हजारीबाग | 903.9 | 935 | -3 |
| 12 | जामताड़ा | 1173.2 | 933.2 | 26 |
| 13 | खूंटी | 1241.6 | 1008.5 | 23 |
| 14 | कोडरमा | 947.2 | 784.1 | 21 |
| 15 | लातेहार | 1309.1 | 926 | 41 |
| 16 | लोहरदगा | 974 | 881.5 | 10 |
| 17 | पाकुर | 762 | 1025.6 | -26 |
| 18 | पलामू | 864.4 | 766.1 | 13 |
| 19 | रामगढ़ | 1119.7 | 924.8 | 21 |
| 20 | रांची | 1358.7 | 932 | 46 |
| 21 | साहिबगंज | 1058.8 | 1009.3 | 5 |
| 22 | सरायकेला-खरसावाँ | 1380.7 | 910.5 | 52 |
| 23 | सिमडेगा | 1191.1 | 1192.2 | 0 |
| 24 | पश्चिमी सिंहभूम | 1182 | 913.6 | 29 |
इसे भी पढ़ें
पश्चिमी राजस्थान से दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की वापसी शुरू, रांची में हुई 30.2 मिलीमीटर वर्षा
रांची, जमशेदपुर, पलामू में 15 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम, वर्षा होगी या नहीं, क्या है वेदर अपडेट
झारखंड पर अगले 3 दिन भारी, जमकर बरसेगा मानसून, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
