शुभारंभ: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आज से, खेलगांव परिसर सज-धज कर तैयार

रांची: खेलगांव का हरिवंश टाना भगत स्टेडियम ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का मुख्य कार्यक्रम स्थल है. यहां कतार से लगी तीन दर्जन से अधिक सुनहरे रंग की कुर्सियां स्टेज की शोभा बढ़ा रही हैं, जिन पर मुख्य अतिथि सहित सारे अतिथि बैठेंगे. स्टेज के दोनों अोर ऊपर में तिरंगा सहित चार अन्य देशों के लगे झंडे […]

रांची: खेलगांव का हरिवंश टाना भगत स्टेडियम ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का मुख्य कार्यक्रम स्थल है. यहां कतार से लगी तीन दर्जन से अधिक सुनहरे रंग की कुर्सियां स्टेज की शोभा बढ़ा रही हैं, जिन पर मुख्य अतिथि सहित सारे अतिथि बैठेंगे. स्टेज के दोनों अोर ऊपर में तिरंगा सहित चार अन्य देशों के लगे झंडे कार्यक्रम स्थल की भव्यता का बखान कर रहे हैं.

स्टेज के ठीक सामने प्रतिनिधियों के बैठने के लिए कतार से लगी कुर्सियां और उसके सामने गैलरी की सुंदरता देखते ही बन रही है. सफेद कवर वाली कुर्सियों को गोल्डेन रिबन से बांधा गया है. कुल मिला कर बैठने की व्यवस्था को गोल्डन लुक दिया गया है. कार्यक्रम स्थल के ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आकर्षक फ्लैक्स लटक रहे हैं. इसे आकर्षक तरीके से लगाया गया है. इसे पूरे पैसेज पर रेड कारपेट बिछाया गया है. कार्यक्रम व वक्ता साफ-साफ दिखें, इसके लिए दोनों अोर आधुनिक एलसीडी लगायी गयी हैं. मुख्य समारोह स्थल के दक्षिण अोर वीआइपी व मीडिया लाउंज बनाये गये हैं.

एग्जिविशन हॉल में रात भर चलता रहा काम : कार्यक्रम स्थल के ठीक सामने यानी पश्चिम की अोर दो बड़े-बड़े एग्जिविशन हैंगर बनाये गये हैं. यहां आनेवाली कंपनियों ने इसमें अपने उत्पादों को डिसप्ले किया है. गाड़ियों से लेकर छोटे-बड़े सारे उत्पाद रखे गये हैं. एग्जिविशन हैंगर पूरी तरह वातानुकूलित हैं. इसमें कंपनियों के स्टॉल तरीके से लगाये गये हैं. हैंगर के ठीक बाहर कोका-कोला व डोमिनोज पिज्जा के भी स्टॉल लगाये गये हैं. 15 फरवरी की देर रात तक यहां स्टॉल तैयार करने का काम चलता रहा. शाम तक काफी कम काम हुआ था. कई बड़े स्टॉल पूरे नहीं हुए थे. तेजी से काम चल रहा था. इन हैंगर के ठीक सामने भी एक हैंगर बनाया गया है.
चार-चार सुंदर सेमिनार हॉल, वीआइपी व मीडिया लाउंज भी : यहां एग्जिविशन हैंगर के बाद कतार से चार-चार सुंदर सेमिनार हॉल बनाये गये हैं. इसमें स्टेज भी बनाया गया है, जिसमें अतिथियों के बैठने की व्यवस्था है. वहीं नीचे कुर्सियां लगायी गयी हैं, जिसमें प्रतिनिधि बैठ सकेंगे. इसे भी पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है.
अभेद्य सुरक्षा घेरे को पार कर जाना होगा अंदर : कार्यक्रम स्थल तक जाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था से गुजरना होगा. मुख्य गेट पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी है. वहीं, गेट नंबर दो पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. समारोह स्थल पर जाने के लिए सामान्य लोगों को रजिस्ट्रेशन कार्यालय की अोर से जाना होगा. यहां पर बैरिकेंडिंग लगाये गये हैं. इससे कतारबद्ध होकर लोगों को सुरक्षा जांच के बाद अंदर जाने दिया जायेगा. जगह-जगह पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.
बैंक, सरकारी विभाग, खादी सारे के स्टॉल : आयोजन स्थल पर विभिन्न बैंकों, सरकारी विभागों और खादी इंडिया के स्टॉल लगाये गये हैं. इसमें खादी के विभिन्न उत्पादों को रखा गया है. बैंकों के स्टॉल में ग्राहकों को कई जानकारियां दी जायेंगी. राज्य सरकार के कुछ विभागों में संबंधित कार्यों की जानकारी देने की तैयारी की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >