विद्यालयों में बच्चों का ठहराव सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाये जायेंगे
कोडरमा बाजार/रांची : राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए कई कदम उठाये गये हैं. राज्य के हर जिले में एक-एक महिला डिग्री कॉलेज खोले जायेंगे. कोडरमा के डोमचांच व चंदवारा में एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खोले जायेंगे. उक्त बातें शुक्रवार को परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य की शिक्षा मंत्री व कोडरमा की विधायक डॉ नीरा यादव ने कही.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य में जनहित के कई काम किये गये. सरकारी कार्यालयों में काम करने की संस्कृति बढ़ी है. पूर्व में ऐसी संस्कृति नहीं थी. राज्य के सरकारी कार्यालयों में तेजी से कार्य हो रहे हैं. शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों में पूर्व में बिचौलिया का राज था, उस पर अंकुश लगा है.
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जैक के सचिव मोहन चांद मुकिम आरडीडीइ के पद पर भी हैं, जबकि नियमत: जैसे ही उन्होंने जैक के सचिव का पदभार ग्रहण किया था, उन्हें आरडीडीइ के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था. दोनों पद पर रहते हुए उन पर कई गंभीर आरोप भी लगे हैं. शीघ्र ही उन पर कार्रवाई की जायेगी.
डॉ नीरा यादव विधानसभा चुनाव व शिक्षा मंत्री बनने के बाद पहली बार जिले के पत्रकारों से रू -ब-रू हो रही थी. डॉ नीरा यादव ने कहा कि कोडरमा में भी विकास के कई कार्य किये गये हैं. यहां धीरे-धीरे लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं. लोग भी बदलाव महसूस कर रहे हैं. जिस विश्वास से लोगों ने उन्हें सहयोग किया, उस विश्वास को ठेस पहुंचने नहीं देंगी.
उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से जेजे कॉलेज में पीजी की पढ़ाई की अनुमति मिल चुकी है. शीघ्र ही पीजी की पढ़ाई यहां शुरू होगी. स्वास्थ्य विभाग में भी सुधार हुआ है. मरीजों को अब बिना इलाज और दवा के अस्पताल से वापस नहीं लौटना पड़ता है. बिजली और पानी की समस्या पर भी कुछ हद तक समाधान हुआ है. उनका प्रयास है कि यहां के लोगों को 24 घंटे बिजली मिले. साथ ही पानी की किल्लत न हो.
कोडरमा घाटी में आये दिन दुर्घटना होती रहती है. ऐसे में यहां ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता है. इसके लिए वे प्रयासरत हैं. शीघ्र ही यहां ट्रॉमा सेंटर बनाया जायेगा. जिले के कार्यालयों में भी राज्य संस्कृति बदली है. लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए वे प्रयासरत हैं. उन्होंने कहा कि ‘पेंशन आपके द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया गया है. इसके तहत सेवानिवृत्त शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उनका सारा भुगतान कर दिया जायेगा.
उन्होंने कहा कि राज्य में इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए सरकार प्रयासरत है. विद्यालयों में बच्चों का ठहराव सुनिश्चित करने के लिए भी कई कदम उठाये जायेंगे. शीघ्र ही स्कूलों में बायोमैट्रिक सिस्टम लगाये जायेंगे तथा द्वितीय पाली में भी बच्चों की हाजिरी ली जायेगी. शिक्षकों को गैर सरकारी कार्यो से अलग रखा जायेगा. कुछ हद तक इस पर कार्य भी हुए है. राइट टू सर्विस पूर्ण रूप से लागू हो और लोगों को एक तय समय के अंदर उनके आवेदन पर कार्रवाई हो. इस दिशा में भी कदम उठाये गये हैं.
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की बहाली में पारा शिक्षकों को उम्र में सात वर्ष की छूट दी गयी है. इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री शिवेंद्र नारायण सिन्हा, नगर अध्यक्ष गोपाल कुमार गुतुल आदि मौजूद थे.
