रांची : झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने बुधवार को रांची और हजारीबाग में मौजूद परिसंपत्तियों की लॉटरी निकाली. लॉटरी में रांची के एक एचआइजी फ्लैट के लिए चार व एक एमआइजी फ्लैट के लिए 12 आवेदकों ने ड्रॉ में हिस्सा लिया. वहीं हजारीबाग में एक संपदा के लिए 12 लोगों ने भाग लिया. हरमू स्थित आवास बोर्ड के अध्यक्ष के चेंबर में बोर्ड अधिकारियों व आवेदकों की मौजूदगी में लॉटरी निकाली गयी.
लॉटरी में असफल रहे कुछ आवेदकों ने प्रक्रिया का सही तरीके से पालन नहीं करने का आरोप अधिकारियों पर लगाया. हजारीबाग के मुनारिक साव और सुषमा कुमारी ने 47 लाख 74 हजार वाले एचआइजी के लिए आवेदन भरा था.
आवेदकों का कहना है कि बोर्ड प्रस्तुत किये गये कागजातों का सत्यापन कराये बिना ही संपत्तियों को आवंटित कर दिया, जो गलत मंशा को दर्शाता है. आवास बोर्ड रांची, हजारीबाग और डालटनगंज में 232 फ्लैटों की नीलामी के लिए आवेदन मंगाये गये थे. डालटनगंज की 47 परिसंपत्तियों के लिए एक भी खरीदार नहीं मिला.
