रांची : पूजा पंडाल बनाने में नहीं करें प्लास्टिक का इस्तेमाल : मेयर

दुर्गा पूजा की तैयारियों पर नगर निगम में हुई बैठक रांची : रांची नगर निगम और दुर्गापूजा समितियों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को नगर निगम सभागार में हुई. बैठक की अध्यक्षता मेयर आशा लकड़ा ने की. इसमें पूजा के दौरान पंडालों को प्लास्टिक मुक्त रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सुचारु बिजली की व्यवस्था आदि विषयों […]

दुर्गा पूजा की तैयारियों पर नगर निगम में हुई बैठक
रांची : रांची नगर निगम और दुर्गापूजा समितियों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को नगर निगम सभागार में हुई. बैठक की अध्यक्षता मेयर आशा लकड़ा ने की. इसमें पूजा के दौरान पंडालों को प्लास्टिक मुक्त रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सुचारु बिजली की व्यवस्था आदि विषयों पर चर्चा की गयी.
बैठक में शामिल दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मेयर अाशा लकड़ा ने कहा कि वे पंडाल निर्माण में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें. यह भी सुनिश्चित करें कि पूजा पंडाल के परिसर में प्लास्टिक का उपयोग नहीं हो. साथ ही प्रसाद बांटने के लिए भी प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जाये. मेयर ने समितियों से आग्रह किया कि पंडाल में प्रवेश व निकासी के लिए महिला व पुरुष का द्वार अलग-अलग बनाये जायें.
अक्सर देखा जाता है कि पूजा समितियां प्रवेश द्वार पर पुरुष व महिला के लिए अलग-अलग द्वार बनाती है, लेकिन निकासी के लिए एक ही द्वार होता है. इससे महिला श्रद्धालुओं को परेशानी होती है. नगर आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि पूजा समिति पंडाल के आसपास बिजली की व्यवस्था पर्याप्त हो इसका ख्याल रखें.
अगर किसी गली में अंधेरा दिखाई देता है, तो तत्काल निगम के अधिकारियों से संपर्क करें. नगर निगम वहां बिजली की व्यवस्था करायेगा. डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि दुर्गापूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए पूजा समितियों का सहयोग जरूरी है. बिजली व सफाई की व्यवस्था निगम द्वारा की जायेगी. बैठक में अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद, शंकर यादव और रजनीश कुमार सहित नगर प्रबंधक आदि मौजूद थे.
शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए मेयर व डिप्टी मेयर ने चलाया अभियान
रांची : शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए मेयर आशा लकड़ा और डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित रांची नगर निगम के अधिकारियों ने मोरहाबादी में जागरूकता अभियान चलाया. अभियान में शामिल नगर निगम कर्मी हाथ में शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील करते हुए पोस्टर व बैनर लिये हुए थे.
इस दौरान मेयर व डिप्टी मेयर ने मोरहाबादी में सड़क के किनारे ठेला-खोमचा व अन्य स्टॉल लगानेवालों से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की. साथ ही स्टॉल संचालकों को थैला भी वितरित किया. इसके अलावा सड़क से गुजरनेवाले लोगों से भी शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग मांगा गया. कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद सहित नगर प्रबंधक बिजेंद्र कुमार और नगर निगम के कर्मचारी भी मौजूद थे.
कम प्लास्टिक का इस्तेमाल करनेवाले पूजा पंडाल होंगे सम्मानित
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम दुर्गापूजा के दौरान कम प्लास्टिक का इस्तेमाल करनेवाले पूजा पंडालों को सम्मानित करेगा. पंडालों के बीच कुल 100 अंकों की प्रतियोगिता होगी. नगर आयुक्त ने कहा कि पूजा के दौरान सिंगल यूज्ड प्लास्टिक जैसे : बोतल, कैरिबैग, प्लास्टिक खाद्य पदार्थ के पैकेट, रैपर का इस्तेमाल पूर्णत निषेध रखना होगा. प्रतियोगिता को 25-25 अंकों में बांटा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >