रांची : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर हटानेवालों पर जांच कमेटी ने नहीं की कार्रवाई की अनुशंसा

रांची : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर हटाये जाने के मामले की जांच के लिए गठित कमेटी ने रिपोर्ट विवि को सौंप दी है. कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में तस्वीर हटाये जाने के मामले में दोषी लोगों पर किसी प्रकार की कार्रवाई की अनुशंसा नहीं की है. […]

रांची : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर हटाये जाने के मामले की जांच के लिए गठित कमेटी ने रिपोर्ट विवि को सौंप दी है. कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में तस्वीर हटाये जाने के मामले में दोषी लोगों पर किसी प्रकार की कार्रवाई की अनुशंसा नहीं की है.
कमेटी ने रिपोर्ट में कहा है कि इस मामले में किस पर क्या कार्रवाई करनी है, इसका निर्णय विवि के उच्च अधिकारी स्तर से लिया जाये. इधर, जांच कमेटी की रिपोर्ट को कुलपति ने फिर से कमेटी को लौटा दिया है. कुलपति ने रिपोर्ट को फिर से देखने को कहा है. कुलपति द्वारा रिपोर्ट वापस किये जाने के बाद कमेटी की फिर से बैठक होगी. बैठक के बाद लिये गये निर्णय के अनुरूप फिर से रिपोर्ट विवि प्रशासन को सौंपी जायेगी.
कमेटी में ये थे शामिल : जांच कमेटी में विवि की डीएसडब्ल्यू डॉ नमिता सिंह, प्रॉक्टर डॉ दिनेश तिर्की, डीन डॉ भोला महतो व सीसीडीसी डॉ अयूब को शामिल किया गया है. कमेटी को मामले की जांच कर 10 अप्रैल तक रिपोर्ट देने को कहा गया था.
विद्यार्थी परिषद ने किया था हंगामा : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर हटाये जाने को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था. विवि प्रशासन द्वारा दोषी लोगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिषद के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन समाप्त किया था.
क्या है मामला : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि में दो दिवसीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया था. आयोजन के दौरान एक रंगोली बनायी गयी थी, जिसमें डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगायी गयी थी. युवा महोत्सव दो व तीन अप्रैल को होना था. पूर्व एक अप्रैल की रात डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर हटा दी गयी. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी.
इसमें छात्र संघ के अध्यक्ष अमनदीप मुंडा तस्वीर हटाते देखे गये थे. विवि प्रशासन ने इस मामले में छात्र संघ अध्यक्ष अमनदीप मुंडा से भी जवाब मांगा था. उन्होंने अपना जवाब विवि प्रशासन को सौंप दिया था. इस जवाब को भी कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में शामिल किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >