रांची : हाइकोर्ट परिसर में स्थित एडवोकेट एसोसिएशन लॉयर्स चेंबर बिल्डिंग के गंदे शाैचालयों का जीर्णोद्धार होने की संभावना बढ़ गयी है. प्रभात खबर द्वारा मामला उठाये जाने के बाद एसोसिएशन ने शाैचालयों के साथ-साथ बिल्डिंग के रख रखाव को दुरुस्त करने की दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया है.
अपने कोष की राशि से शाैचालयों को दुरुस्त करने का निर्णय लिया है. इसके अलावा लॉयर्स चेंबर बिल्डिंग कमेटी ने हाइकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अंबुज नाथ को पत्र लिख कर लॉयर्स चेंबर बिल्डिंग की रंगाई-पुताई कराने के लिए सरकार के संबंधित विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया गया है.
कहा गया कि उक्त बिल्डिंग की रंगाई-पुताई वर्षों से नहीं हुई है. शाैचालयों की स्थिति दयनीय है. उल्लेखनीय है कि लॉयर्स चेंबर बिल्डिंग के शौचालय काफी गंदे है. पान व गुटखे की पीक से बिल्डिंग की सीढ़ियां व कोने कई जगहों पर रंगे हुए हैं. यह हाल तब है जब इस बिल्डिंग का रखरखाव एडवोकेट एसोसिएशन लॉयर्स चेंबर बिल्डिंग कमेटी के ही जिम्मे है. उक्त बिल्डिंग में चार फ्लोर हैं. प्रत्येक फ्लोर पर दो-दो सार्वजनिक शौचालय हैं. लेकिन, सही तरीके से रखरखाव नहीं होने के कारण इस शौचालय में कोई जाना नहीं चाहता है.
यदि कहीं से भी सहयोग नहीं मिला, तो कमेटी अपने फंड में जमा राशि से ही शाैचालयों का जीर्णोंद्धार करायेगी. यह कार्य शीघ्र शुरू किया जायेगा. अधिवक्ताअों के साथ-साथ मुव्वकिलों को भी परेशानी हो रही है. इस बिल्डिंग के प्रति सरकार के विभाग उदासीन बने हुए हैं.
-नवीन कुमार, सचिव एडवोकेट एसोसिएशन लॉयर्स चेंबर बिल्डिंग कमेटी
