रांची : कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर में डॉ हेमंत के ससुर व सीए की पत्नी पार्टनर

रांची : बरियातू (रांची) स्थित कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर में डॉ हेमंत नारायण के ससुर और एक सीए की पत्नी पार्टनर हैं. इस संस्थान के नाम से आयकर रिटर्न भी दाखिल होता है. हालांकि हेमंत नारायण के ससुर को इसमें पार्टनर होने की जानकारी नहीं है. हेमंत नारायण प्रकरण की जारी जांच के दौरान आयकर विभाग […]

रांची : बरियातू (रांची) स्थित कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर में डॉ हेमंत नारायण के ससुर और एक सीए की पत्नी पार्टनर हैं. इस संस्थान के नाम से आयकर रिटर्न भी दाखिल होता है. हालांकि हेमंत नारायण के ससुर को इसमें पार्टनर होने की जानकारी नहीं है. हेमंत नारायण प्रकरण की जारी जांच के दौरान आयकर विभाग को इस बात की जानकारी मिली है.
पिछले दिनों डॉ हेमंत नारायण और उनकी पत्नी डॉ गीता कुमारी के ठिकानों पर आयकर विभाग ने सर्वे किया था. सर्वे के दौरान डॉ हेमंत नारायण को बरियातू स्थित कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर में मरीज देखते पाया गया था. जांच में इस बात की जानकारी मिली थी कि कंप्रिहेंसिव केयर में न तो डॉ हेमंत नारायण, न ही उनकी पत्नी पार्टनर हैं.
डॉ हेमंत के ससुर ने किया इनकार : विभाग को पता चला कि इस संस्थान के पार्टनर के रूप में मदन मोहन और एक सीए की पत्नी का नाम शामिल है. इसके बाद पिछले दिनों मदन मोहन से पूछताछ की गयी. पूछताछ में इस बात की जानकारी मिली कि मदन मोहन, डॉ हेमंत के ससुर हैं. वह एक रिटायर्ड अधिकारी हैं.
हालांकि मदन मोहन ने कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर का पार्टनर होने से सीधे इनकार कर दिया. साथ ही कहा कि उन्हें इस संस्थान में पार्टनर बनाये जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है. न ही उन्हें इस बात की जानकारी है कि इस संस्थान के नाम पर रिटर्न दाखिल किया जाता है. हालांकि गुगल में कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर सर्च करने पर डॉ हेमंत नारायण की ही नाम आता है.
निजी प्रैक्टिस करने की बात नहीं स्वीकारी : आयकर विभाग ने छह सितंबर की शाम बरियातू स्थित कंप्रिहेंसिव केयर सेंटर और डॉ हेमंत के अशोक नगर स्थित आवास की क्लिनिक में सर्वे किया था. दस्तावेज की जांच से इस बात की जानकारी मिली थी कि रिम्स के नियमों की वजह से डॉ हेमंत निजी प्रैक्टिस से हुई आमदनी अपने नाम पर नहीं दिखाते हैं.
उन्होंने आयकर अधिकारियों के समक्ष निजी प्रैक्टिस करने की बात भी नहीं स्वीकार की. वह सालाना 17-18 लाख रुपये आमदनी का ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं, जबकि उनकी पत्नी सालाना 90 लाख रुपये आमदनी का रिटर्न दाखिल करती हैं. इस बात के मद्देनजर आयकर विभाग ने डॉ हेमंत नारायण की सालाना आमदनी करीब डेढ़ करोड़ रुपये मानते हुए आयकर अधिनियम में निहित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने का फैसला किया था.
ससुर ने कहा: मैं सेंटर का पार्टनर! यह मुझे ही पता नहीं
सेंटर में निजी प्रैक्टिस करते पाये गये थे डॉ हेमंत नारायण
गुगल में सेंटर सर्च करने पर डॉ हेमंत नारायण का ही नाम आता है
इनकम टैक्स के सामने निजी प्रैक्टिस से इनकार किया डॉ हेमंत ने
17-18 लाख रुपये सालाना आमदनी का ही रिटर्न दाखिल करते हैं डॉ हेमंत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >