रांची : कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि राज्य भर में हो रहे शहरी निकाय चुनाव को प्रभावित करने और एक राजनैतिक दल के पक्ष में मतदान करने के लिए राज्य सरकार आदर्श आचार संहिता का मखौल उड़ा रही है़ रांची में जल संकट से निपटने के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम बनाकर हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है़
इस बात की घोषणा करना कि यह कंट्रोल रूम 17 अप्रैल तक काम करेगा, वहीं राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर रह रहे लोगों के नाम जमीन लीज करने का निर्देश दिए जाने की घोषणा मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया गया है़ यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है़ कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन कराये जाने की मांग की जायेगी़
हजारीबाग में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ : राजद
राजद के महासचिव मनोज पांडेय ने कहा है कि राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है़ मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हजारीबाग में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है़
अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वह निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे़ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की़ केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा भी उनके साथ थे़ चुनाव आयोग को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए़ राजद इसकी शिकायत आयोग से करेगा़
