रांची से संजीव सिंह की रिपोर्ट
JUT IIT Dhanbad MTech Admission : झारखंड की तकनीकी शिक्षा के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गयी है. अब झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (जेयूटी) से बीटेक उत्तीर्ण विद्यार्थियों सहित पीएचडी के अभ्यर्थियों के लिए नया प्रावधान किया गया है. इनके लिए आइआइटी (आइएसएम) धनबाद में एमटेक और पीएचडी के लिए 10% अतिरिक्त सीटें सुरक्षित की जायेंगी.
जेयूटी के प्रस्ताव को मिली मंजूरी
पहली बार आइआइटी धनबाद के सीनेट और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने जेयूटी, रांची से संबद्ध राज्य संचालित तकनीकी संस्थानों के मेधावी विद्यार्थियों से जुड़े इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है. यह प्रस्ताव जेयूटी के कुलपति प्रो डीके सिंह ने रखा था, जिसे आइआइटी धनबाद के सर्वोच्च शैक्षणिक एवं प्रशासनिक निकायों ने स्वीकृति प्रदान कर दी.
राज्य की तकनीकी शिक्षा को मिलेगी नई गति : कुलपति
जेयूटी के कुलपति प्रो डीके सिंह ने कहा कि उन्हें भी इसकी आधिकारिक जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि यह निर्णय झारखंड के सरकारी तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को देश के अग्रणी तकनीकी संस्थान में अवसर उपलब्ध करायेगा इससे राज्य की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को नयी गति मिलेगी. यह पहल एकेडमिक सोशल रिस्पांसिबिलिटी (एएसआर) की भावना पर आधारित है. उद्योग जगत में कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) की अवधारणा है. उसी प्रकार देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों की भी जिम्मेदारी है कि वह राज्य विश्वविद्यालयों और सरकारी तकनीकी संस्थानों के क्षमता निर्माण में सक्रिय सहयोग करें. उन्होंने बताया कि जल्द ही इन अतिरिक्त सीटों का सीट मैट्रिक्स तय कर दिया जायेगा.
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप जब्त
ये भी पढ़ें: JSSC-JPSC नियुक्तियों की CBI जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा : चंपाई सोरेन
