केदला, रामगढ़: रामगढ़ जिले के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित जगेश्वर विहार थाना अंतर्गत रानीबाग जंगल के समीप रविवार की शाम जंगली हाथी के हमले में बड़गांव निवासी 50 वर्षीय राजू प्रसाद (पिता भुनेश्वर साव) गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, बाइक पर उसके साथ सवार एक अन्य साथी घटना के बाद से लापता है. घटना शाम करीब सात बजे की बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, राजू प्रसाद अपने एक मित्र के साथ बाइक से रानीबाग जंगल की ओर गया था. लौटने के क्रम में अचानक हाथी सामने आ गया, जिसकी चपेट में दोनों आ गये. हाथी के हमले में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बड़गांव के एक चिकित्सक के पास पहुंचाया. इधर, राजू के साथी का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका. स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही है.
जंगल क्षेत्र में करीब 26 जंगली हाथियों के मौजूद होने की सूचना से ग्रामीणों में भय है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों को जंगल जाने से रोकने की मांग की है.
