भदानीनगर-लपंगा रेलवे लाइन पर अंडरपास या फाटक की मांग, जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार कर रहे ग्रामीण

रामगढ़ के भदानीनगर में रेलवे फाटक या अंडरपास न होने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार कर रहे हैं। प्रशासन से सुरक्षा की मांग तेज हो गई है।

भदानीनगर, रामगढ़ : पतरातू प्रखंड के भदानीनगर-लपंगा रेलवे लाइन पर अंडरपास अथवा रेलवे फाटक नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीण प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हैं. इस मार्ग से रोजाना छात्र-छात्राएं, मजदूर, किसान, सब्जी विक्रेता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं. ट्रेन गुजरने के दौरान यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

जानकारी के अनुसार, करीब तीन वर्ष पूर्व एक हादसे के बाद बरकाकाना रेल मंडल ने इस मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया था. इसके बावजूद वैकल्पिक रास्ते की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी दूर नहीं हुई. मजबूरी में लोग आज भी रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करते हैं.

हादसे के बाद भी नहीं बनी स्थायी व्यवस्था

ग्रामीणों के अनुसार, करीब दस वर्ष पूर्व इसी स्थान पर हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन से भीषण हादसा हुआ था. रेलवे लाइन पार करने के दौरान एक बोलेरो वाहन ट्रेन की चपेट में आ गया था, जिसमें एक ही परिवार के 14 लोगों की मौत हो गयी थी. इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है.

महुआ टोला निवासी मुबारक अंसारी ने कहा कि रेलवे लाइन पार करना ग्रामीणों की मजबूरी बन गयी है. रोजाना छात्र, मजदूर और अन्य ग्रामीण इसी रास्ते से आते-जाते हैं. ट्रेन आने के समय हमेशा हादसे का डर बना रहता है. रेलवे को जल्द अंडरपास या रेलवे फाटक की व्यवस्था करनी चाहिए.

सलीम अंसारी ने कहा कि वर्षों पहले हुए दर्दनाक हादसे के बावजूद यहां स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गयी. रेलवे लाइन बंद कर देने से समस्या का समाधान नहीं हुआ, क्योंकि ग्रामीणों के लिए कोई सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं है.

जनप्रतिनिधियों से भी पहल की मांग

नइस आलम ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से अंडरपास या रेलवे फाटक बनाने की मांग कर रहे हैं. जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों को कई बार इसकी जानकारी दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. समय रहते व्यवस्था नहीं की गयी, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

इमरान अंसारी ने कहा कि बच्चे स्कूल-कॉलेज जाने के लिए भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं. बुजुर्ग, महिलाएं और मजदूर भी रोज रेलवे ट्रैक पार करते हैं. रेलवे प्रशासन को ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करनी चाहिए.

ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जनहित व यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लपंगा रेलवे लाइन पर जल्द अंडरपास अथवा रेलवे फाटक का निर्माण कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >