भुरकुंडा (रामगढ़): अपने झुंड से बिछड़े दो हाथियों ने गुरुवार की रात भुरकुंडा के सौंदा डी पंचायत क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों हाथी रात करीब 2:30 बजे सौंदा डी पहुंचे. लेनिन चौक की ओर बढ़ने के दौरान हाथियों ने विजय साहू के जेनरल स्टोर का शटर तोड़ दिया.
शोर सुनकर घरों में दुबके लोग
शटर टूटने की आवाज सुनकर आसपास के कई लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन हाथियों के आक्रामक रुख को देखते हुए लोग वापस अपने घरों के अंदर चले गए. इसके बाद दोनों हाथी शनिचर बाजार, परियोजना कार्यालय और ऑफिसर्स कॉलोनी होते हुए सेंट्रल सौंदा की ओर निकल गए. रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात सीसीएल के सुरक्षा कर्मियों ने भी हाथियों को देखे जाने की पुष्टि की है. सेंट्रल सौंदा में हाथियों ने मनोज कुट्टी की दुकान को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया.
ये भी पढ़ें- Ranchi में बदल जाएगी बाजारों की तस्वीर, बकरी बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग और खादगढ़ा में बनेगा थ्री स्टार होटल
जंगल में डटे होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों हाथियों के फिलहाल सेंट्रल सौंदा दत्तो के समीप जंगल में जमे रहने की संभावना है. हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. वन विभाग और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है. लोगों को जंगल और हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है.
वर्ष 2015 में भी पहुंचा था हाथियों का झुंड
गुरुवार की रात ही दोनों हाथियों ने भदानीनगर क्षेत्र के लादी, देवरिया और कुरसे गांव में कई खेतों को नुकसान पहुंचाया. बताया गया कि अपने झुंड से बिछड़ने के बाद दोनों हाथी सबसे पहले भदानीनगर क्षेत्र के चिट्टो और सुद्दी पहुंचे थे. यहां कई घरों और खेतों को नुकसान पहुंचाने के बाद अब हाथियों ने कोयलांचल क्षेत्र की ओर रुख कर लिया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले अगस्त 2015 में भी हाथियों का एक झुंड भटककर सौंदा डी क्षेत्र में पहुंच गया था. उस समय भी हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना था.
ये भी पढ़ें- ब से 250 रुपये, ट्रेन से सिर्फ 55 रुपये! हटिया-बानो के बीच पहली बार चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा टाइम टेबल
