घायल मरीज अस्पताल पहुंचे तो ड्यूटी से गायब थे डॉक्टर! गोला CHC में हंगामा, दो चिकित्सकों का वेतन रोका गया

गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी से नदारद रहने वाले दो डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई, एक दिन का वेतन रोका गया और मांगा गया स्पष्टीकरण।

गोला: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में ड्यूटी रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित नहीं रहने के आरोप में दो चिकित्सकों पर कार्रवाई की गयी है. चिकित्सा प्रभारी डॉ आशुतोष त्रिपाठी ने सीएचसी में पदस्थापित डॉ सैयद हिदायतुल्लाह और डॉ अरविंद कुमार का एक-एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है. साथ ही दोनों चिकित्सकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है.

जारी आदेश के अनुसार डॉ सैयद हिदायतुल्लाह से पूछा गया है कि वे निर्धारित ड्यूटी समय से करीब एक घंटा पूर्व किस परिस्थिति में अस्पताल से रवाना हो गये. वहीं डॉ अरविंद कुमार से पूछा गया है कि वे निर्धारित समय पर अस्पताल क्यों नहीं पहुंच सके. दोनों चिकित्सकों को पूरे मामले पर अपना स्पष्टीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर देने का निर्देश दिया गया है.

बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह कुसुमडीह के समीप बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार राहुल करमाली और सूरज नायक घायल हो गये थे. स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लाया गया. आरोप है कि उस समय अस्पताल में ड्यूटी पर चिकित्सक मौजूद नहीं थे.

करीब दो घंटे से अधिक समय तक घायलों को अस्पताल में रखने के बाद परिजन बिना चिकित्सकीय सलाह एवं परामर्श के दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गये. घटना की जानकारी सिविल सर्जन, चिकित्सा प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को दी गयी. इसके बावजूद ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सक के अस्पताल नहीं पहुंचने से आक्रोशित स्थानीय लोगों और घायलों के परिजनों ने सीएचसी के मुख्य द्वार पर धरना दिया.

लोगों ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई करने के साथ चिकित्सा प्रभारी को भी निलंबित करने की मांग की. मामले को लेकर चिकित्सा प्रभारी डॉ आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि दोनों चिकित्सकों का एक-एक दिन का वेतन रोक दिया गया है. साथ ही 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. स्पष्टीकरण मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

धरना में मुख्य रूप से संतोष सोनी, विशु रजवार, दीपक करमाली, बंटी नायक, लखन नायक, शीला देवी, सविता देवी, संजय करमाली, सुबोध प्रजापति, मुमताज अंसारी, निखिल नायक सहित अन्य लोग मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj Kumar

राज कुमार पिछले 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय पत्रकार हैं. राजनीति, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ जनसरोकारों, स्थानीय मुद्दों और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर समाचार संकलन में उनकी विशेष रुचि रही है. ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान है. तथ्यपरक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी रिपोर्टिंग के माध्यम से वे क्षेत्र की वास्तविक तस्वीर को पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >