रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
रामगढ़. रांची-हजारीबाग एनएच 33 मार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में गुरुवार को सड़क हादसा हो गया, जब काजू छिलका लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और नीचे चल रही एक कार पर जा गिरा. हादसे में कार सवार दो लोग वाहन के अंदर फंस गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें स्थानीय अस्पताल भेजा गया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
घंटों जाम में फंसे रहे वाहन
हादसे के बाद चुटूपालू घाटी क्षेत्र में लंबा जाम लग गया. कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सड़क पर फंसे रहे. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
प्रशासन ने संभाली स्थिति, यातायात हुआ सामान्य
मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा ने बताया कि अनियंत्रित ट्रक के पलटने से नीचे चल रहा चारपहिया वाहन दब गया था. दोनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. प्रशासन की तत्परता से राहत कार्य पूरा कर यातायात व्यवस्था को धीरे-धीरे सामान्य किया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है.
ये भी पढ़ें- सवानिवृत्त शिक्षक की पेंशन पर हाईकोर्ट का आदेश: 10 साल तक मिलेगी 90% पेंशन, फिर मिलेगा पूरा पैसा
ये भी पढ़ें-सड़क हादसे के घायल को झारखंड हाईकोर्ट से राहत, 1.55 लाख से बढ़कर 11.15 लाख मिलेगा मुआवजा
