रामगढ़: होटल शिवम इन में रविवार को राष्ट्रीय कवि संगम की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक अध्यक्ष जगदीश मित्तल ‘बाबूजी’ को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी. उनके निधन पर कवि, साहित्यकार व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाबूजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया.
मौके पर झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय कवि संगम के महासचिव सरोज झा झारखंडी ने कहा कि बाबूजी के साथ उनका पिछले 10 वर्षों से आत्मीय संबंध रहा. उन्होंने कहा कि बाबूजी साहित्य और मंचीय कविता के ऐसे साधक थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन कविता को जन-जन तक पहुंचाने और नये रचनाकारों को मंच देने में लगा दिया. उनका निधन राष्ट्रीय कवि संगम ही नहीं, बल्कि पूरे साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. मौके पर विजय मेवाड़, उत्तम सिन्हा, शंकर कुमार, विक्रांत कुमार, चंचल कुमार, प्रो. संजय सिंह, जेपी अग्रवाल समेत अन्य उपस्थित थे.
