मांडू. शिक्षक दिवस के अवसर पर एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, मांडू के गणित शिक्षक सुनील कुमार को डिजिटल शैक्षिक क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं समर्पित योगदान के लिए प्रतिष्ठित राज्य शिक्षक योगदान सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें दीक्षा झारखंड प्लेटफॉर्म के लिए ई-कंटेंट के विकास, समीक्षा और शैक्षिक सामग्री के समृद्धिकरण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया.
सम्मान-पत्र में उल्लेख किया गया है कि सुनील कुमार के मूल्यवान योगदान से राज्य में प्रौद्योगिकी-सक्षम, समावेशी एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है. यह सम्मान झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी), रांची की ओर से प्रदान किया गया.
इस अवसर पर जेसीईआरटी के निदेशक शशि रंजन, आईएएस ने सुनील कुमार को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की. सम्मान प्राप्त करने के बाद सुनील कुमार ने जेसीईआरटी, शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार और अपने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों के जरिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुंचाना बेहद जरूरी हो गया है. भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के प्रभावी उपयोग, गुणवत्तापूर्ण ई-कंटेंट निर्माण और विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य करने का प्रयास जारी रहेगा.
सुनील कुमार को मिला यह सम्मान केवल उनके व्यक्तिगत योगदान और मेहनत की पहचान नहीं है, बल्कि झारखंड के शिक्षकों द्वारा डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार, समर्पण और सकारात्मक प्रयासों का भी सम्मान है. उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, सहकर्मी शिक्षकों, शिक्षा जगत से जुड़े लोगों और विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
