रामगढ़. आमजनों की सुविधा व राजस्व से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए जिले के सभी अंचलों में 19, 20 व 21 अगस्त को विशेष राजस्व शिविर लगाया जाएगा. डीसी ऋतुराज के निर्देश पर सेवा गारंटी अधिनियम 2011 का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए यह पहल की गयी है. शिविर जिले के सभी छह अंचलों गोला, रामगढ़, पतरातू, मांडू, दुलमी व चितरपुर के अंचल कार्यालय परिसरों में सुबह दस बजे से आयोजित होगा.
19 अगस्त को 30 व 90 दिनों से अधिक अवधि के आपत्ति सहित व आपत्ति रहित दाखिल-खारिज के लंबित मामलों का निष्पादन किया जाएगा. 20 अगस्त को पंजी-दो में सुधार व ऑनलाइन लगान रसीद अद्यतन करने से संबंधित कार्य होंगे. 21 अगस्त को अन्य सभी राजस्व संबंधी कार्यों व जन-शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा. स्वीकृत दाखिल-खारिज मामलों में शुद्धि पत्र निर्गत नहीं होने पर संबंधित रैयतों को शिविर में ही शुद्धि पत्र उपलब्ध कराया जाएगा.
ऑनलाइन लगान रसीद के लिए अलग प्रज्ञा केंद्र व ऑनलाइन काउंटर की व्यवस्था होगी. राजस्व दस्तावेजों का सत्यापन कर अंचलाधिकारी उचित निर्णय लेंगे. आपत्ति वाले मामलों में नोटिस जारी कर विधिवत सुनवाई की जाएगी. आमजनों के लिए पेयजल और बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
शिविर की निगरानी के लिए सभी अंचलों में वरीय पदाधिकारियों को पर्यवेक्षण पदाधिकारी नामित किया गया है, जबकि अपर समाहर्ता, रामगढ़ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. जिला प्रशासन ने रैयतों व आम नागरिकों से राजस्व दस्तावेजों के साथ संबंधित अंचल कार्यालय में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: Jharkhand Medical Counselling: JCECEB का सर्वर लगातार तीसरे दिन डाउन, च्वाइस फिलिंग को लेकर छात्रों की बढ़ी चिंता
ये भी पढ़ें: JAC में नियम विरुद्ध कार्य का आरोप, वित्तपोषित शिक्षण संस्थाओं ने दी हाइकोर्ट जाने की चेतावनी
