गोला, रामगढ़ : गोला प्रखंड के सोसोकला गांव में कुछ ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची से हटाये जाने के प्रयास की सूचना पर कांग्रेस के रामगढ़ विधानसभा प्रभारी राजीव रंजन राजू ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने प्रखंड के संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली और अपनी आपत्ति दर्ज करायी.
बताया गया कि ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि किसी राजनीतिक दल के बीएलए-2 द्वारा फॉर्म-7 भरवाकर कुछ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है. इस पर राजीव रंजन राजू ने कहा कि किसी भी योग्य और वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए.
लोकतांत्रिक तरीके से विरोध की चेतावनी
राजीव रंजन राजू ने कहा कि मताधिकार प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और मतदाता सूची में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. योग्य मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास हुआ, तो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध और धरना-प्रदर्शन किया जायेगा.
उन्होंने ग्रामीणों से सजग रहने और बीएलए व बीएलओ के संपर्क में रहकर अपने तथा परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति की जानकारी लेते रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है.
