उरीमारी (रामगढ़). सयाल पुराना पोस्ट ऑफिस कॉलोनी निवासी स्व. बाबूराम मुंडा के पुत्र संदीप मुंडा की खोजबीन के लिए भुरकुंडा पुलिस ने गुरुवार को दामोदर नदी क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, गत 30 अगस्त को पत्नी से हुए पारिवारिक विवाद के बाद संदीप ने दामोदर नदी में छलांग लगा दी थी, जिसके बाद से वह लगातार लापता है.
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नदी के तटवर्ती इलाकों और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की तथा प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई.
पिता का डेढ़ माह पूर्व हुआ था निधन
घटना के बाद से ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर से भी संदीप की तलाश में जुटे हुए हैं. परिजनों ने बताया कि संदीप एक कुशल तैराक है, ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि वह नदी से तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गया हो और नाराजगी के कारण कहीं अन्यत्र चला गया हो.
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पूर्व ही उसके पिता का निधन हुआ था, जिससे परिवार पहले से ही शोक में था. सर्च अभियान में ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, एएसआई अजीत कुमार और सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ IGNOU: नामांकन व पुनर्नवीनीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ी
