रजरप्पा. रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में मंगलवार को आयोजित वंदना सभा में प्रांतीय विज्ञान मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं आराध्या शाहदेव और नव्या श्री को सम्मानित किया गया. विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद ने दोनों छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
प्राचार्य ने कहा कि विज्ञान मेला विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, जिज्ञासा और नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है. आराध्या शाहदेव और नव्या श्री ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेकर विज्ञान के क्षेत्र में नए प्रयोग और नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया.
ज्ञात हो कि पांच और छह सितंबर को सरस्वती विद्या मंदिर, कुम्हारटोली, हजारीबाग में प्रांतीय विज्ञान मेला आयोजित किया गया था. इसमें सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा प्रोजेक्ट के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक इंद्रजीत कुमार सिंह और शिक्षिका गायत्री कुमारी के नेतृत्व में हिस्सा लिया था.
किशोर वर्ग में छात्रा आराध्या शाहदेव ने परमाणु संरचना पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं, शिशु वर्ग में नव्या श्री ने पर्यावरण प्रदूषण पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर तृतीय स्थान हासिल किया.
छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है. उनकी सफलता पर विद्यालय के अध्यक्ष सह परियोजना पदाधिकारी ललन कुमार राय, सचिव चंद्रशेखर चौधरी, सीएसआर नोडल अधिकारी आशीष झा, विद्यालय समिति के सदस्य तथा समस्त आचार्य और दीदीजी ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
