रामगढ़: स्कॉलर्स हाई स्कूल रांची रोड के विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के चकिया स्थित सिल्वर बेल्स स्कूल में आयोजित सीबीएसई जोनल योगासन प्रतियोगिता में भाग लिया. इसका आयोजन सीबीएसई ने झारखंड, बिहार व उत्तर प्रदेश के संयुक्त जोनल स्तर पर किया गया, जिसमें तीनों राज्यों के सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.
स्कॉलर्स हाई स्कूल की अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग की छात्र व छात्राओं की टीमों ने विभिन्न योगासन स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण स्थान हासिल किये. प्रतियोगिता में अंडर-14 गर्ल्स ट्रेडिशनल योगासन प्रतियोगिता में टीम ने तृतीय स्थान, अंडर-14 गर्ल्स रिदमिक योगासन प्रतियोगिता में नैनी श्री एवं अंजली कुमारी की जोड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. वहीं अंडर-19 गर्ल्स आर्टिस्टिक योगासन व अंडर-14 बॉयज़ वर्ग में प्रतिभागियों ने पंचम स्थान हासिल किया.
