Ramgarh: उत्तरी छोटानागपुर पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, ओवरऑल चैंपियन बना रामगढ़ जिला बल

Ramgarh: उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में रामगढ़ जिला बल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh: 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन सोमवार को सिदो-कान्हू जिला मैदान रामगढ़ में हुआ. समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस डीआईजी हजारीबाग अंजनी कुमार झा, रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत, हजारीबाग एसपी अमन कुमार, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी तथा कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष मुख्य रूप से उपस्थित थे.

पुलिस सेवा में खेल से भी बनता है करियर : डीआईजी

समापन समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी हजारीबाग अंजनी कुमार झा ने कहा कि तीन दिवसीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रतिभागियों ने काफी लगन और उत्साह के साथ भाग लिया. प्रतियोगिता का ओवरऑल विजेता रामगढ़ जिला तथा दूसरा स्थान हजारीबाग जिले ने हासिल किया है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा. पुलिस सेवा में अच्छे खिलाड़ियों के कैरियर को भी इसका लाभ मिलता है. तीन दिनों तक काफी अच्छा खेल देखने को मिला है.

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि ओवरऑल विजेता बनने के लिए रामगढ़ जिला के सभी प्रतिभागी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही सबसे बड़ी बात है.

ओवरऑल चैंपियन बना रामगढ़ जिला बल

खेलकूद प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इसमें ओवरऑल विजेता रामगढ़ जिला बल तथा उपविजेता हजारीबाग जिला बल बना.

एथलेटिक्स में रामगढ़ जिला विजेता तथा चतरा जिला उपविजेता रहा. कबड्डी में रामगढ़ विजेता और चतरा उपविजेता बना. सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार रामगढ़ के मो. साकिब को मिला.

बैडमिंटन डबल एवं सिंगल दोनों वर्गों में विजेता और उपविजेता रामगढ़ जिला रहा. सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार रामगढ़ के मो. तस्लीम खान को दिया गया.

वॉलीबॉल में कोडरमा जिला विजेता तथा रामगढ़ जिला उपविजेता रहा. सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार कोडरमा के विमल कीर्ति सिंह यादव को मिला.

फुटबॉल में हजारीबाग जिला विजेता तथा रामगढ़ जिला उपविजेता रहा. सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हजारीबाग के संजय कुमार टुडू को दिया गया.

बास्केटबॉल में हजारीबाग जिला विजेता तथा रामगढ़ जिला उपविजेता बना. सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हजारीबाग के अनिलेश जॉन भेंगरा को मिला.

हैंडबॉल में हजारीबाग जिला विजेता तथा गिरिडीह जिला उपविजेता रहा. सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हजारीबाग के सुनील कुमार को दिया गया.

क्रिकेट में गिरिडीह जिला विजेता तथा कोडरमा जिला उपविजेता बना. मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार गिरिडीह के पप्पू यादव, बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार गिरिडीह के निरंजन कच्छप तथा बेस्ट बॉलर का पुरस्कार कोडरमा के राजेश प्रजापति को दिया गया. बेस्ट एथलीट पुरुष वर्ग में रामगढ़ के विदेश उरांव तथा महिला वर्ग में रामगढ़ की गीता तिर्की को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन कमल बगड़िया एवं सार्जेंट मेजर मंटु यादव ने संयुक्त रूप से किया.

मार्च पास्ट के साथ हुआ समापन

प्रतियोगिता में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा एवं गिरिडीह जिला पुलिस बल के प्रतिभागियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता का समापन सभी जिलों के प्रतिभागियों के मार्च पास्ट के साथ किया गया. इसके बाद ध्वज को उतारा गया. समापन समारोह में आतिशबाजी भी की गई. भारी बारिश के बीच विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने कप एवं मेडल देकर पुरस्कृत किया. इस अवसर पर एएसपी सह एसडीपीओ पतरातू राधवेंद्र शर्मा, एसडीपीओ रामगढ़ आलोक रंजन, मुख्यालय डीएसपी मो. अकरम, इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे, इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार सहित जिले के सभी अंचल निरीक्षक, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रतिभागी मुख्य रूप से उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें…

Ramgarh: एसडीएम संतोष गुप्ता के आवास में चोरी, ताला तोड़कर नकदी व सामान ले उड़े बदमाश

हजारीबाग के बिहारी बालिका विद्यालय को क्लीन एंड ग्रीन स्कूल रैंकिंग में देश में 21वां स्थान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >