रामगढ़ में मंईयां सम्मान योजना का सत्यापन शुरू, रुके भुगतान से लाभुक परेशान

Ramgarh News : मंईयां सम्मान योजना और वृद्धा पेंशन के लिए सत्यापन प्रक्रिया शुरू हो गई है. लाभुक दस्तावेज जमा कर रहे हैं, भुगतान बहाली की उम्मीद जगी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

रामगढ़ में मंईयां सम्मान योजना का सत्यापन शुरू

रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट 

Ramgarh News : झारखंड के रामगढ़ जिले में मंईयां सम्मान योजना को लेकर अंचल कार्यालय में सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी गई  है. साथ ही वृद्धा पेंशन के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं. इसके तहत लाभुकों से आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा कराए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार जिन लाभुकों का मंईयां सम्मान योजना का भुगतान किसी कारणवश बंद हो गया है, फिलहाल उन्हीं से आवेदन और दस्तावेज लिए जा रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही भुगतान दोबारा शुरू किया जायेगा. 

तेज गर्मी में भी अंचल कार्यालय पहुंच रहीं महिलाएं 

अंचल कार्यालय में दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य लाभुक पहुंच रहे हैं. लोग घंटों लाइन में लगकर अपने दस्तावेज जमा कर रहे हैं, जिससे रुका हुआ भुगतान फिर से शुरू हो सके. लाभुकों को यह भी जानकारी दी जा रही है कि किसी प्रकार की त्रुटि या जानकारी में सुधार के लिए नया सत्यापन अनिवार्य है. 

लाभुकों ने बताई अपनी परेशानी 

  • पूनम देवी ने बताया कि पहले नियमित रूप से योजना की राशि मिल रही थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से भुगतान बंद हो गया है. उन्होंने कहा कि प्रचंड गर्मी में घंटों इंतजार के बाद जरूरी दस्तावेज जमा किए गए हैं और उम्मीद है कि जल्द राशि खाते में आने लगेगी. 
  • वृद्ध नरेश महतो ने कहा कि वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है. पेंशन ही उनके दैनिक खर्च का मुख्य सहारा है. 
  • रूबी कुमारी ने बताया कि एक दस्तावेज अधूरा रहने के कारण विभाग द्वारा मतदाता पहचान पत्र बनने के बाद अन्य कागजात जमा करने को कहा गया है. 
  • वहीं नूरजहां खातून ने कहा कि सुबह से ही अंचल कार्यालय में काफी भीड़ उमड़ रही है, बावजूद इसके लोग धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. 

सत्यापन के बाद भुगतान शुरू होने की उम्मीद 

लाभुकों ने उम्मीद जताई है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही रुका हुआ भुगतान शुरू कर दिया जाएगा, जिससे योजना से जुड़ी महिलाओं और वृद्धों को आर्थिक सहायता मिल सकेगी.

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण

यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >