रामगढ़: शहर के मेन रोड स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में मंगलवार को परम पूज्य आचार्य भगवंत 108 वसुनंदी जी के परम शिष्य मुनिश्री 108 पुण्यानंद जी व मुनिश्री 108 शुभानंद जी के सान्निध्य में मंगल चातुर्मास कलश स्थापना समारोह का आयोजन होगा। इसकी जानकारी जैन समाज के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रेसवार्ता में दी।
जैन समाज के सचिव सह पावन वर्षायोग महासमिति के संयोजक योगेश सेठी ने बताया कि गुरुसंघ पिछले लगभग दो माह से रामगढ़ में विराजमान है। उनके सान्निध्य में पूरे समाज में भक्तिरस का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह रामगढ़ जिनालय का सौभाग्य है कि यहां मुनिसंघ का चातुर्मास आयोजित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए टिकमगढ़ के पंडित संजय शास्त्री को आमंत्रित किया गया है। उनके सान्निध्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में समाज के सभी सदस्य सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
जैन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र चूड़ीवाल ने समाज के सभी सदस्यों एवं रामगढ़ के प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में ललित चूड़ीवाल, संजय सेठी, विकास रपरिया, देवेंद्र गंगवाल, निशा सेठी, कशिश सेठी, आयुषी चूड़ीवाल, प्रीति गंगवाल, पल्लवी अजमेरा, मनीषा पाटनी तथा जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
