रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
International Yoga Day: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला आयुष समिति रामगढ़ और नमामि गंगे योजना के संयुक्त तत्वावधान में श्रीगुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की.
बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि व आमजन शामिल हुए.
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और विभिन्न योगासन व प्राणायाम का अभ्यास किया.
योग हमारी सांस्कृतिक विरासत: उपायुक्त
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है. योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की.
स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की भूमिका
उपायुक्त ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं.
योग से बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता
उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने कहा कि योग से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मानसिक तनाव कम होता है. यह एकाग्रता व कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक है.
योग को अपनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम व ध्यान की विधियां प्रदर्शित कीं. सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन व जनकल्याण के संदेश के साथ हुआ.
यह भी पढ़ें: गुमला में भारी बवाल, सिसई में बेकाबू हाइवा ने देवी मंडप मंदिर को किया ध्वस्त, गुस्से में ग्रामीणों ने घेरा वाहन
यह भी पढ़ें: प्रभात इंपैक्ट: चतरा में ब्राउन शुगर तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 60 लाख के ब्राउन शुगर के साथ एक गिरफ्तार
