रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh: उपायुक्त ऋतुराज के मार्गदर्शन में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग व अवैध तस्करी की रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया. जिला समाज कल्याण कार्यालय व झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मचारियों को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई.
जागरूकता रथ हुआ रवाना
इसके बाद डीसी ऋमतुराज ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव और उनकी रोकथाम के प्रति जागरूक करेगा. कार्यक्रम के तहत जिला एवं प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ ग्रहण किया. साथ ही हस्ताक्षर अभियान में भी भागीदारी निभाई.
पंचायत स्तर तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां
अभियान के दौरान जिले के सभी पंचायतों एवं गांवों में रैली, समूह बैठक, ग्राम सभा, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जनसंवाद व विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभाव तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी. महिला व बाल विकास विभाग तथा जेएसएलपीएस रामगढ़ के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान जिले में नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस रीता सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
Ramgarh से यूके के लिए रवाना हुई लगभग दो टन आम की खेप, किसानों को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार
प्रशासन के आदेश को ठेंगा, भारी वाहनों की आवाजाही से पतरातू में रोज लग रहा जाम
