बरकाकाना की सीसीएल कॉलोनी में सड़क या गड्ढे? बारिश में बढ़ी परेशानी

बरकाकाना सीसीएल आवासीय कॉलोनी की सड़कें बदहाल हैं। बड़े गड्ढों और बारिश के कारण स्कूली बच्चों व वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बरकाकाना, रामगढ़ : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की केंद्रीय कर्मशाला और केंद्रीय भंडार बरकाकाना के आवासीय परिसर की सड़कें इन दिनों बदहाल हैं. कॉलोनी की मुख्य सड़कों से लेकर अंदरूनी रास्तों तक जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. उखड़ी गिट्टियों और खराब सड़क के कारण सीसीएल कर्मियों, उनके परिवारों समेत अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्रीय कर्मशाला व केंद्रीय भंडार आवासीय परिसर में एक भी ऐसी सड़क नहीं बची है, जिसे बेहतर कहा जा सके. सड़कों की स्थिति इतनी खराब है कि यह समझना मुश्किल हो गया है कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क. बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है. गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चलता, जबकि सड़क की मिट्टी ऊपर आने से फिसलन भी बढ़ जाती है.

दोपहिया वाहन और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान

जर्जर सड़कों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. गड्ढों में बाइक व स्कूटी फंसने तथा संतुलन बिगड़ने से लोगों के गिरकर चोटिल होने की स्थिति बनी रहती है. सड़क मरम्मत को लेकर अब तक ठोस पहल नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

स्थानीय कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से आवासीय परिसर की सभी जर्जर सड़कों का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है.

दो-तीन माह में सड़क निर्माण का दावा

सिविल अधिकारी शुभम शौर्य ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर प्रक्रिया चल रही है. सीसीएल मुख्यालय स्तर पर जल्द संविदा प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो-तीन माह में बेहतर सड़क का निर्माण कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

पंकज कुमार वर्ष 2010 से बरकाकाना क्षेत्र में प्रभात खबर के लिए समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं. उन्हें सामाजिक, राजनीतिक, क्राइम, शिक्षा, धार्मिक तथा विशेष स्टोरी सहित सभी प्रकार की खबरों के संकलन का अनुभव है. जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष एवं तथ्यपरक समाचार पाठकों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >