दामोदर-भैरवी के उफान से रजरप्पा में मचा हड़कंप, तांत्रिक घाट पूरी तरह डूबा; श्रद्धालुओं को अलर्ट

रजरप्पा में भारी बारिश के कारण दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर बढ़ा, तांत्रिक घाट जलमग्न। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को नदी किनारे न जाने की दी चेतावनी।

रजरप्पा: रजरप्पा कोयलांचल क्षेत्र में गुरुवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. दोनों नदियों के उफान पर आने से रजरप्पा मंदिर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गये हैं. दामोदर नदी का पानी रजरप्पा मंदिर स्थित तांत्रिक घाट को पूरी तरह जलमग्न कर चुका है. वहीं मुंडनशाला के समीप तक पानी पहुंच जाने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है.

भैरवी नदी भी लगातार उफान पर है. दोनों नदियों के बढ़े जलस्तर के कारण दामोदर-भैरवी संगम स्थल का नजारा बेहद विहंगम हो गया है. जलस्तर बढ़ने के कारण भैरवी और दामोदर नदी का नजारा भी एक जैसा हो गया है. दोनों नदियों के उफान पर होने से संगम स्थल पर पानी का फैलाव दूर तक नजर आ रहा है.

हालांकि, नदी के तेज बहाव के कारण खतरा भी बढ़ गया है. नदी किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने एहतियातन अपनी-अपनी दुकानें समेटनी शुरू कर दी हैं. दुकानदार सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आये.

नदी के समीप नहीं जाने की अपील

जलस्तर में तेजी से हुई वृद्धि को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन और रजरप्पा मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं व आम लोगों से नदी के समीप नहीं जाने की अपील की है. खासकर तांत्रिक घाट, मुंडनशाला और नदी के किनारे जाने से बचने को कहा गया है. प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने तथा नदी के तेज बहाव से दूर रहने की अपील की है.

निचले इलाकों में सतर्कता जरूरी

लगातार बारिश के कारण नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है. जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है. बताया गया कि यदि पतरातू डैम अथवा अन्य जलस्रोतों से पानी छोड़ा जाता है, तो दामोदर का जलस्तर और अधिक बढ़ सकता है. इससे रजरप्पा मंदिर क्षेत्र में खतरा बढ़ने की आशंका है. प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शंकर चंद्र पोद्दार

शंकर चंद्र पोद्दार को प्रिंट एवं डिजिटल पत्रकारिता में विशेष रुचि है. वह राजनीति, समाज, शिक्षा तथा क्षेत्रीय घटनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से प्रमुखता के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पिछले लगभग 12 वर्षों से प्रभात खबर के साथ जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उनका उद्देश्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त संवाद स्थापित करना है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >