भुरकुंडा. रामगढ़ के सिदो-कान्हू मैदान में आयोजित जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता में पावन क्रूस उच्च विद्यालय भुरकुंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता. विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ट्रैक व फील्ड की विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 16 से अधिक स्वर्ण पदक अपने नाम किये.
बालिका वर्ग में निधि तिग्गा ने 400, 800 मीटर, 4×100 और 4×400 मीटर रिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया. सृष्टि एक्का ने हाई जंप, 200 मीटर और दोनों रिले में स्वर्ण जीता. सिया तिग्गा ने 1500 मीटर में द्वितीय और रिले में प्रथम, शिखा लकड़ा ने दोनों रिले में प्रथम तथा दिव्या कुमारी गुप्ता ने 100 मीटर और रिले में प्रथम स्थान हासिल किया. समायरा कुमारी ने 3000 मीटर पैदल चाल और अनुपमा तिर्की ने ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक जीता.
बालक वर्ग में नैतिक उरांव ने 400, 800 मीटर और 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता. ईशांत उरांव ने 100 और 200 मीटर में रजत तथा 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक हासिल किया.
खिलाड़ियों के विद्यालय लौटने पर प्रबंधन ने उनका स्वागत किया. प्राचार्या सिस्टर सुमंति ने कहा कि खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से विद्यालय, माता-पिता और पूरे समाज का नाम रोशन हुआ है. विद्यालय सचिव सिस्टर एग्नेस ने खिलाड़ियों और खेल शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि पावन क्रूस के बच्चे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं.
मौके पर सुधीर प्रसाद, मो कमरुद्दीन, रजनी डुंगडुंग, निर्मला, कंचन मिंज, रजनी सिन्हा, संगीता गिद्ध, सोशन लकड़ा, बासिल कुजूर उपस्थित थे.
