पतरातू पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, समस्याओं को लेकर यूनियन ने सौंपा मांग-पत्र

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के पतरातू दौरे पर यूनियन ने जर्जर सड़क, पेयजल और अस्पताल की सुविधाओं को लेकर 20 सूत्री मांग-पत्र सौंपा.

पतरातू (रामगढ़). पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने शनिवार को रामगढ़ जिले के पतरातू रेलवे का दौरा किया. उनके आगमन के साथ ही रेल कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं से जुड़ा एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सुविधाओं में सुधार और बुनियादी ढांचे के विकास की मांग की गई. उनके साथ धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा सहित जोनल एवं मंडल स्तर के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे.

पतरातू रेलवे स्टेशन परिसर और डीजल शेड में महाप्रबंधक के दौरे की पूरी तैयारी थी. मगर, अंतिम समय में कार्यक्रम बदला और महाप्रबंधक डीजल शेड का निरीक्षण करने के बजाय स्टेशन परिसर में ही अधिकारियों के साथ रहे. इस दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे अधिकारियों के साथ जरूरी बातचीत की. उन्होंने क्षेत्र की व्यवस्थाओं और रेलवे संचालन से जुड़े कई मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए.

वहीं, ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के महामंत्री मृत्युंजय कुमार ने महाप्रबंधक से मुलाकात की. उन्होंने पतरातू क्षेत्र की समस्याओं से जुड़ी सात सूत्री और जोनल स्तर की 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. यूनियन ने रेलवे कर्मचारियों की सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ पतरातू रेलवे क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को हल करने के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया. रेलवे महाप्रबंधक के इस दौरे से कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और पतरातू क्षेत्र के विकास की नई उम्मीद जगी है.

ये भी पढ़ें: SC के न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर पहुंचे रजरप्पा मंदिर, मां छिन्नमस्तिके से लिया आशीर्वाद

जर्जर सड़क और पानी की किल्लत दूर करने की मांग

यूनियन द्वारा सौंपे गए मांग-पत्र में पतरातू क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया. इसमें पतरातू गांधी चौक से डीजल शेड तक जाने वाली जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग की गई. यूनियन का कहना है कि सड़क की खराब हालत की वजह से रेलवे कर्मचारियों सहित आम लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. सड़क बनने से रेलवे क्षेत्र में आना-जाना आसान हो जाएगा और कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी.

इसके अलावा रेलवे कॉलोनी में पानी की सप्लाई को बेहतर बनाने की मांग रखी गई. गर्मी के दिनों में तो हाल बहुत बुरा हो जाता है, जब पानी की समस्या के कारण रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को न सिर्फ प्यासा रहना पड़ता है, बल्कि छोटी-छोटी जरूरत के लिए भी दूर जाना पड़ता है. यूनियन ने नियमित और पर्याप्त पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की.

रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत के लिए बजट बढ़ाने की मांग

मांग-पत्र में रेलवे कॉलोनी में स्थित क्वार्टरों की मरम्मत और रखरखाव के लिए बजट बढ़ाने की मांग भी शामिल थी. यूनियन ने बताया कि कई रेलवे आवासों की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत है. कर्मचारियों को अच्छी रहने की सुविधा देने के लिए क्वार्टरों की समय पर मरम्मत जरूरी है.

यूनियन ने रेलवे प्रशासन से कर्मचारियों के आवास, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं को सबसे पहले ठीक कराने का आग्रह किया. साथ ही, रेलवे कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर लगातार ध्यान देने की मांग रखी गई.

अस्पताल में महिला चिकित्सक और डिजिटल एक्स-रे मशीन की मांग

पतरातू रेलवे अस्पताल की सुविधाओं में सुधार को लेकर भी यूनियन ने महाप्रबंधक का ध्यान खींचा. मांग-पत्र में अस्पताल में एक महिला डॉक्टर की नियुक्ति करने की मांग की गई. इसके साथ ही अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने का आग्रह किया गया, ताकि रेलवे कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.

यूनियन ने पतरातू क्रू लॉबी के आधुनिकीकरण की मांग भी रखी. क्रू लॉबी रेलवे परिचालन से जुड़े कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र है. इसके आधुनिक बनाने से कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और काम करने का तरीका भी सुधरेगा.

ये भी पढ़ें: आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर हजारीबाग में स्वर्ण समाज एकता मंच का धरना-उपवास

कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल का आग्रह

ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन ने महाप्रबंधक से पतरातू की स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ जोनल स्तर की मांगों पर भी जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया. यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की सुविधाओं में सुधार और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.

मांग-पत्र के जरिए कर्मचारियों की समस्याओं को बड़े अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है. महाप्रबंधक के दौरे के दौरान रेलवे अधिकारियों और यूनियन सदस्यों की मौजूदगी में क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. यूनियन को उम्मीद है कि मांग-पत्र में उठाई गई समस्याओं पर रेलवे प्रशासन सकारात्मक कदम उठाएगा.

अधिकारियों और यूनियन सदस्यों की रही मौजूदगी

महाप्रबंधक के पतरातू दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक एके सिंह संभाल रहे थे. महाप्रबंधक का स्वागत वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने किया.

मौके पर बरकाकाना के सहायक मंडल अभियंता राजेश कुमार, स्टेशन प्रबंधक कृष्णा राम, स्थायी मार्ग निरीक्षक सतीश तिवारी, निरीक्षक विनय कुमार, विद्युत फोरमैन गौरी शंकर सोए, यातायात निरीक्षक एसएम ऑन, सुमित कुमार सहित कई रेलवे अधिकारी उपस्थित थे. वहीं, यूनियन की ओर से शंभू कुमार, सचिव संजीव कुमार, शिव कुमार गिरी, अमित रजक, रंजन कुमार, रणधीर वर्मा, सौरव झा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के पतरातू पहुंचने पर बड़ी संख्या में पहुंचे रेल कर्मी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >