रामगढ़ : जिले के पतरातू क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण पतरातू डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए डैम के गेट संख्या 4 और 5 से जल निकासी की जा रही है. शेष परिसंपत्ति के प्रशासन एसके पांडा ने बताया कि दोनों गेटों से फिलहाल करीब 620 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है. वर्तमान में डैम का जलस्तर 1327.3 आरआरएल दर्ज किया गया है.
जलस्तर और बारिश पर लगातार नजर
डैम प्रबंधन द्वारा जलस्तर और बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार यदि बारिश के कारण जलस्तर में तेजी से वृद्धि होती है, तो स्थिति के अनुरूप और गेट खोले जा सकते हैं, ताकि डैम में पानी का दबाव नियंत्रित रखा जा सके.
निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
लगातार बारिश के बीच डैम से पानी की निकासी किये जाने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है. प्रबंधन की टीम जलस्तर की पल-पल की स्थिति पर निगरानी रख रही है.
