पतरातू डैम में तेजी से बढ़ रहा पानी,कभी भी खुल सकते हैं फाटक; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

पतरातू स्थित नलकारी जलाशय का जलस्तर लगातार हो रही बारिश के कारण तेजी से बढ़ रहा है. 1327.5 आरआरएल तक पहुंचा जलस्तर, फाटक खोले जाने की संभावना. प्रशासन ने जारी किया अलर्ट और आम लोगों से की अपील.

रामगढ़ से अजय कुमार तिवारी की रिपोर्ट

पतरातू: लगातार हो रही बारिश के कारण पतरातू स्थित नलकारी जलाशय के डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. डैम का जलस्तर 1327.5 आरआरएल तक पहुंच गया है. हालांकि फिलहाल डैम की स्थिति सामान्य बतायी जा रही है, लेकिन बारिश और जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति में डैम के फाटक कभी भी खोले जा सकते हैं. इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गयी है.

शेष परिसंपत्ति, पीटीपीएस पतरातू के संपदा पदाधिकारी एसके पंडा ने बताया कि डैम के जलस्तर और पानी के फ्लो पर लगातार नजर रखी जा रही है. यदि बारिश जारी रहती है और जलप्रवाह बढ़ता है, तो डैम की सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए फाटक खोलने की आवश्यकता पड़ सकती है. उन्होंने कहा कि जलस्तर के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जायेगी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

उपायुक्त समेत अधिकारियों को भेजी गयी सूचना

फाटक खोले जाने की संभावना को देखते हुए संपदा पदाधिकारी की ओर से 18 अगस्त को रामगढ़ के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई एवं सतर्कता बरतने की सूचना दी गयी है.

पत्र में बताया गया है कि लगातार बारिश के कारण नलकारी जलाशय का जलस्तर बढ़ रहा है और इसके जल्द उच्चतम स्तर के करीब पहुंचने की संभावना है. ऐसी स्थिति में डैम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फाटक खोलकर जलस्तर नियंत्रित किया जा सकता है. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि फाटक किसी भी समय खोले जा सकते हैं.

संपदा पदाधिकारी ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, सीसीएल बरका-सयाल के महाप्रबंधक, अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, एसडीपीओ पतरातू, बीडीओ पतरातू, अंचलाधिकारी पतरातू, पुलिस निरीक्षक पतरातू तथा पतरातू एवं बरका-सयाल थाना प्रभारियों को पत्र भेजकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बरतने का आग्रह किया है.

नहाने और सेल्फी-वीडियो बनाने से बचने की अपील

अधिकारियों ने आम लोगों से डैम के जल क्षेत्र में नहाने, सेल्फी लेने अथवा वीडियो बनाने के लिए जाने से बचने की अपील की है. जलस्तर बढ़ने की स्थिति में डैम क्षेत्र में जाना जोखिम भरा हो सकता है. वहीं, फाटक खोले जाने पर निचले इलाकों में जलप्रवाह अचानक बढ़ने की आशंका बनी रहती है.

ऐसे में लोगों से डैम के जल क्षेत्र से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >