चितरपुर. बड़कीपोना दुर्गा मंदिर चौक स्थित मध्य विद्यालय से सुकरीगढ़ा रेलवे फाटक तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण और दोनों ओर नाली निर्माण को लेकर बड़कीपोना पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार सिंह द्वारा उपायुक्त को दिये गये आवेदन पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है.
मंगलवार को चितरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने स्थल पर पहुंचकर सड़क की वस्तुस्थिति का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बीपीआरओ विनोद करमाली, मनरेगा बीपीओ नितिन कुमार, कनीय अभियंता अनिल कुमार और पंचायत सचिव युगेश कुमार ने बड़कीपोना मध्य विद्यालय से सुकरीगढ़ा रेलवे फाटक तक सड़क का जायजा लिया.
अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, जगह-जगह बने गड्ढों और जलजमाव समेत अन्य समस्याओं की जानकारी ली. यह सड़क आवागमन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है. इसी मार्ग में मायल रेलवे स्टेशन भी पड़ता है. स्टेशन परिसर के समीप प्रत्येक दिन सुबह डेली मार्केट लगता है, जहां आसपास के गांवों से सैकड़ों किसान अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं. बड़ी संख्या में ग्रामीण और खरीदार भी बाजार पहुंचते हैं.
ऐसे में सड़क जर्जर होने के कारण किसानों, व्यवसायियों और आम लोगों को काफी परेशानी होती है. बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा हो जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है. मुखिया श्री सिंह ने बताया कि बड़कीपोना, लारीकला और सुकरीगढ़ा पंचायत के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करते हैं. उन्होंने सड़क के पुनर्निर्माण के साथ दोनों ओर नाली निर्माण की मांग की थी.
अधिकारियों ने बताया कि स्थल निरीक्षण के बाद सड़क की वस्तुस्थिति से संबंधित जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को सौंपी जायेगी. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन की टीम के निरीक्षण से ग्रामीणों में सड़क के पुनर्निर्माण की उम्मीद जगी है. मौके पर मुखिया अरविंद कुमार सिंह, मुकेश प्रसाद समेत अन्य मौजूद थे.
