झाड़-फूंक में बीता इलाज का वक्त, मां समेत दो बच्चों की मौत; टायफाइड-मलेरिया की आशंका

रामगढ़ के पाली में टाइफाइड-मलेरिया ने ली मां और दो बच्चों की जान. गांव में मातम, स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी.

भदानीनगर (रामगढ़). पतरातू प्रखंड अंतर्गत पाली पंचायत के पारगढ़ा गांव में टायफाइड-मलेरिया की चपेट में आने से मां और उसके दो बच्चों की मौत हो गयी. बच्चों रामकिशुन बेदिया (15) और साहिल बेदिया (12) की मौत दो सितंबर को, जबकि उनकी मां संगीता देवी की मौत तीन सितंबर को रिम्स में इलाज के दौरान हो गयी.

परिवार के मुखिया शंकर बेदिया मजदूरी करने ओड़िशा गये हैं. बताया गया कि तीन-चार दिन पूर्व संगीता देवी, रामकिशुन व साहिल की एक साथ तबीयत बिगड़ी थी. परिजनों ने बेहतर इलाज कराने के बजाय ग्रामीण चिकित्सक से उपचार कराने और झाड़-फूंक का सहारा लिया.

इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, साहिल और रामकिशुन की रास्ते में मौत

इससे उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ. दो सितंबर को साहिल की तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे भुरकुंडा स्थित एक निजी क्लिनिक ले गये. चिकित्सक ने सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी. अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही साहिल की मौत हो गयी. इसके कुछ देर बाद संगीता देवी और रामकिशुन की हालत भी गंभीर हो गयी.

दोनों को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया जा रहा था, तभी रामकिशुन ने रास्ते में दम तोड़ दिया. सदर अस्पताल पहुंचने के बाद संगीता को रिम्स रेफर किया गया, जहां गुरुवार को उसकी भी मौत हो गयी.

मेडिकल टीम ने पानी और ब्लड के सैंपल लिये

घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार को पतरातू बीडीओ मनोज गुप्ता मेडिकल टीम और पीएचइडी विभाग के अधिकारियों के साथ पारगढ़ा गांव पहुंचे. टीम ने शंकर बेदिया के घर व आसपास स्थित चापानल और कुओं के पानी के सैंपल लिये, परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों के ब्लड सैंपल भी जांच को लेकर लिये गये.

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. गुरुवार को दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार स्थानीय घाट पर किया गया. मुखाग्नि उनके चाचा मंगरू बेदिया ने दी. दोनों बच्चे उत्क्रमित उच्च विद्यालय लपंगा में पढ़ते थे.

ये भी पढ़ें: माइंस बंद होने के बाद करमा में रोजगार के नए अवसरों की तलाश, जर्मनी-झारखंड टीम ने किया निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आलोक

कुमार आलोक भुरकुंडा क्षेत्र से प्रभात खबर के साथ जुड़ कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. समाचार संकलन के दौरान सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, खेलकूद तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं. निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >