पतरातू (रामगढ़). भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने मनोज बाजपेयी महतो को भाजपा युवा नेता सह मुखिया किशोर कुमार महतो ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर बधाई दी. उन्होंने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया.
इस दौरान किशोर कुमार महतो ने विश्वास जताया कि मनोज बाजपेयी महतो के नेतृत्व में झारखंड में पिछड़ा वर्ग की आवाज को मजबूती मिलेगी और समाज के लोगों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे. किशोर कुमार महतो ने कहा कि भाजपा ने हमेशा पिछड़ा वर्ग को सम्मान देने के साथ राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया है.
ओबीसी के लिए केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को मिला कानूनी अधिकार, केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में ओबीसी छात्रों के लिए 27 फ़ीसदी आरक्षण तथा पीएम विश्वकर्मा, पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना और फसल बीमा जैसी योजनाओं से समाज के लोगों को लाभ मिला है. उदाहरण के तौर पर, पीएम विश्वकर्मा योजना से देश भर के लाखों कारीगरों को स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं. वहीं, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों किसानों को आर्थिक संबल मिला है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है.
उन्होंने कहा कि झारखंड में पिछड़ा वर्ग के हितों की अनदेखी की गई है. वर्तमान सरकार सहित अन्य राजनीतिक दलों पर ओबीसी समाज की अपेक्षाओं को पूरा न कर पाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी. यह सुनिश्चित करने के लिए कि सरकार का यह बदलाव ओबीसी समाज के लिए फायदेमंद हो, हमें शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर भी ध्यान केंद्रित करना होगा.
शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर जोर देने की अपील
भाजपा नेता ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए केवल राजनीतिक भागीदारी पर्याप्त नहीं है. शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सम्मान के क्षेत्र में भी काम करने की जरूरत है.
उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा युवाओं को रोजगार और नए अवसरों से जोड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज का हर परिवार मजबूत हो, हर युवा आत्मनिर्भर बने और हर बच्चा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़े, यही हमारा संकल्प होना चाहिए. इस संकल्प को पूरा करने के लिए, हम 'आर्थिक स्वावलंबन योजना' के तहत छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देंगे और 'युवा कौशल विकास मिशन' के जरिए युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिलाएंगे.
समाज में एकता बनाए रखते हुए जातीय एवं क्षेत्रीय मतभेदों से ऊपर उठकर विकास के लिए काम करना जरूरी है.
कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
बधाई देने वालों में भाजपा युवा मोर्चा पतरातू मंडल अध्यक्ष गणेश कुमार ठाकुर, रामेश्वर महतो, राजेश कुमार, रघु महतो, घनश्याम महतो, दिनेश कुमार, गोविंद कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: पतरातू पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, समस्याओं को लेकर यूनियन ने सौंपा मांग-पत्र
