:::बिना सहमति कंपनी कर रही थी ड्रोन से सर्वे, वार्ता के बाद मामला हुआ शांत गिद्दी. निजी कोल कंपनी चुपके से रबोध गांव का ड्रोन से सर्वे करा रही थी. भनक लगने पर ग्रामीण एकजुट हुए और विरोध जताया. इसके बाद कंपनी के ड्रोन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. गिद्दी पुलिस की मौजूदगी में निजी कोल कंपनी ने ग्रामीणों से वार्ता की. निजी कोल कंपनी ने माना कि हमसे गलती हुई है. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिन से कंपनी की ओर से यह सर्वे चुपके व बिना अनुमति से किया जा रहा था. हमारी जमीन व घरों की तस्वीरे खींच कर कंपनी निजता का उल्लंघन कर रही थी. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आगे से बिना गांव के लोगों की सहमति व विश्वास में लिए किसी प्रकार का सर्वे होगा, तो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. ग्रामीणों ने बताया कि रबोध कोल ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी को आवंटित हुआ है. हमलोग एक इंच भी जमीन निजी कंपनी को नहीं देंगे. विरोध जताने वालों में रबोध, कोदवे, रोयांग, बेला-चिरवां, भुरकुंडा, बलसगरा, शर्मा टोला, तेतरिया टोला, होरोमोचा, चैनपुर के ग्रामीण शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
