कोयला उत्पादन प्रभावित होने की आशंका, गर्मी में बढ़ेंगी लोगों व मजदूरों की परेशानियां गिद्दी फीडर नंबर एक और फीडर नंबर दो में बदले जायेंगे एचपीएलएस कंडक्टर गिद्दी. अरगड्डा कोयला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) 22 अप्रैल से मेंटेनेंस ड्राइव शुरू कर रहा है. इस अभियान के तहत अगले 25 दिन तक रोजाना सुबह नौ बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक शटडाउन लिया जायेगा. इससे अरगड्डा क्षेत्र की गिद्दी, गिद्दी सी, रैलीगढ़ा, सिरका परियोजना और भुरकुंडा क्षेत्र में लगभग साढ़े आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. अरगड्डा क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में गिद्दी फीडर नंबर एक और फीडर नंबर दो में एचपीएलएस कंडक्टर बदले जायेंगे. बिजली से जुड़े अन्य तकनीकी सुधार होंगे. बिजली आपूर्ति को अधिक सुरक्षित व स्थिर करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है. हालांकि, इस लंबे शटडाउन का असर भी पड़ेगा. अरगड्डा कोयला क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं में कोयला उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है. बिजली नहीं रहने से खदानों में मशीनों का संचालन कार्य बाधित होगा. इससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा. वहीं, दूसरी ओर गर्मी के कारण रोजाना घंटों बिजली कटौती से मजदूरों व लोगों को भी काफी परेशानी होगी. पंखा, कूलर, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित होगा. अरगड्डा क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को भी दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है. मजदूरों ने चिंता जतायी है कि लगातार 25 दिन तक तय समय पर बिजली बाधित रहने से काम -काज व दैनिक जीवन पर असर पड़ेगा. कार्य पूरा होने के बाद बेहतर हो जायेगी बिजली आपूर्ति : अरगड्डा के क्षेत्रीय पदाधिकारी सप्तऋषि बोस ने कहा कि यह मेंटेनेंस ड्राइव क्षेत्र की दीर्घकालीन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी है. कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बेहतर हो जायेगी. श्री बोस ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर मजदूर कॉलोनियों में सुबह-शाम घंटों बिजली कटौती की जाती थी, वह फिलहाल नहीं होगी.
मेंटेनेंस को लेकर डीवीसी ने लिया 25 दिन का शटडाउन, रोजाना साढ़े आठ घंटे बिजली रहेगी बंद
मेंटेनेंस को लेकर डीवीसी ने लिया 25 दिन का शटडाउन, रोजाना साढ़े आठ घंटे बिजली रहेगी बंद
