रामगढ़: नगर परिषद रामगढ़ के अंतर्गत संचालित विकास, स्वच्छता व जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई. इसमें नगर परिषद क्षेत्र में चल रही योजनाओं व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों व कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया.
लिगेसी वेस्ट के निष्पादन व शिफ्टिंग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने शिफ्टिंग का कार्य इसी माह अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा. आठ एकड़ भूमि की बाउंड्री के लिए सीमांकन कार्य भी शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया. स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा में उन्होंने एसबीएम के माध्यम से उपलब्ध सभी वाहनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा. कचरा संग्रहण व सफाई वाहनों का रूट चार्ट तैयार कर प्रतिदिन अपडेट करने का निर्देश दिया, ताकि सभी वार्डों में नियमित कचरा उठाव की निगरानी हो सके.
उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र व प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के अभिलेखों की नियमित जांच कर पात्र लाभुकों को पारदर्शी तरीके से लाभ दिलाने और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने को कहा. डीएमएफटी से उपलब्ध 15 मजदूरों के माध्यम से पार्क, समाहरणालय परिसर समेत पूरे क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
वाटर सप्लाई स्कीम के लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा विभागों से समन्वय कर कार्य पूरा कराने को कहा गया. डीएमएफटी फेज-एक के पूर्ण कार्यों की समीक्षा कर भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया.
