गिद्दी: रामगढ़ जिले के गिद्दी मजदूर कॉलोनी में पिछले 36 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है. बिजली गुल होने से कॉलोनी के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मजदूरों की शिकायत के बावजूद अब तक बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोगों में प्रबंधन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
ट्रांसफॉर्मर के सर्किट का फ्यूज उड़ने से हो रही दिक्कत
जानकारी के अनुसार, गिद्दी बरगाछ स्थित ट्रांसफॉर्मर के सर्किट का फ्यूज 17 अगस्त की सुबह करीब छह बजे उड़ गया था. इसके बाद से गिद्दी शॉपिंग सेंटर, गुरुद्वारा कॉलोनी, शनिचर बाजार समेत कॉलोनी के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित है.
ये भी पढ़ें: भुरकुंडा में चोरों का आतंक: एक ही रात दो मॉल से उड़ाये साढ़े 7 लाख के सामान
बिजली बाधित होने के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित
बिजली विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, गिद्दी सब-स्टेशन और बरगाछ का स्विच ब्रेकडाउन है. वहीं, गिद्दी वाशरी सब-स्टेशन से शटडाउन नहीं मिलने के कारण मरम्मत का काम अटका हुआ है. लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण कॉलोनी के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे समस्या और गंभीर हो गयी है.
मजदूरों ने दी चेतावनी
मजदूरों ने गिद्दी कोलियरी प्रबंधन से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि अविलंब बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ के 6 अंचलों में आज से विशेष राजस्व शिविर, दाखिल-खारिज समेत लंबित मामलों का होगा निपटारा
