भुरकुंडा. गणेश चतुर्थी के साथ ही भुरकुंडा कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्रों में गणेश महोत्सव की धूम मची है. गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा है. बिरसा चौक, पुराना सब्जी मार्केट, सीसीएल सौंदा, सेंट्रल सौंदा, रिवर साइड, आकाशदीप कॉलोनी सहित कई स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाकर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गयी है.
सोमवार सुबह पंडालों के पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. शाम को पूजा पंडालों में आरती, भजन-कीर्तन व प्रसाद वितरण हुआ. कई स्थानों पर 10 दिवसीय महोत्सव के दौरान भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम व भंडारे का आयोजन किया जा रहा है.
गणेश पूजा को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गयी है. पूजा सामग्री, फूल-माला व सजावट के सामानों की बिक्री बढ़ी है. युवाओं में विशेष उत्साह है. विधायक रोशनलाल चौधरी ने विभिन्न पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की. शांति व्यवस्था को लेकर भुरकुंडा पुलिस मुस्तैद है.
