रामगढ़: राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत फ्लोरोसिस नियंत्रण को लेकर शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय रामगढ़ के सभागार में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गयी. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार एवं जिला नोडल पदाधिकारी डॉ तुलिका रानी ने की.
बैठक में फ्लोरोसिस के उपचार, निदान एवं रोकथाम को लेकर पेयजल व स्वच्छता विभाग के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया. कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया. विद्यालय व सामुदायिक स्तर पर जांच शिविर, गर्भवती महिलाओं की जांच तथा पेशाब एवं पेयजल नमूनों की जांच समेत विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गयी.
संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी संचालन करने तथा चिन्हित मामलों में समय पर चिकित्सकीय जांच व उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य, पेयजल व स्वच्छता समेत अन्य संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाये रखने पर जोर दिया.
