गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के गोला, डभातू, कमता एवं आसपास के गांवों में मंगलवार को 10 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने कार्रवाई शुरू की. विभाग की टीम ने अभियान चलाकर कई बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिये.
बकाया भुगतान नहीं करने पर हुई कार्रवाई
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को पूर्व में बकाया राशि जमा करने की सूचना दी गयी थी. इसके बावजूद भुगतान नहीं करने पर विभाग द्वारा कनेक्शन विच्छेद करने की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: लोहे के दरवाजे में दौड़ा करंट, कोडरमा में 12 वर्षीय शिवांश की मौत; छह बहनों का इकलौता भाई था
घर-घर जाकर की गयी जांच
अभियान के दौरान विभागीय कर्मियों ने घर-घर जाकर बकाया बिजली बिल की जांच की और 10 हजार रुपये से अधिक बकाया पाये जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे. विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया.
समय पर बिल भुगतान की अपील
विद्युत कर्मियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके. विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बकाया राशि जमा करने के बाद नियमानुसार कनेक्शन पुनः जोड़ा जा सकता है. अभियान में विद्युत कर्मी महेंद्र कुमार महतो, जगमोहन मुंडा, सुधीर टोपनो, इस्माइल अंसारी, मनोज, नरेश महतो सहित अन्य कर्मी शामिल थे.
ये भी पढ़ें: खनिज पर झारखंड का पहला हक, चंदे में पारदर्शिता जरूरी; कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना
