रामगढ़: भारत की जनगणना के सफल, पारदर्शी व त्रुटिरहित संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभागार में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसकी अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की. उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विकास योजनाओं, नीतियों व संसाधनों के वितरण से जुड़े निर्णय लेती है.
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, निष्पक्षता व जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार व व्यक्ति का सही व पूर्ण विवरण दर्ज करना जरूरी है. प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का गहन अध्ययन करने तथा क्षेत्रीय कार्य के दौरान निर्धारित मानकों व प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
प्रशिक्षण में जनगणना की कार्यप्रणाली, प्रपत्रों के उपयोग, आंकड़ों के संकलन, अभिलेख संधारण, क्षेत्र भ्रमण की तैयारी व संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई. साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
