रामगढ़: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर रामगढ़ शहर से नेमरा गांव तक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही. बोकारो आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने गोला चौक, बरलंगा चौक और मुख्य कार्यक्रम स्थल लुकैयाटांड का निरीक्षण किया. मंच के पीछे रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने उनका स्वागत किया.
निरीक्षण के बाद आईजी ने सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस बार पूरी स्थिति बदली हुई नजर आई. बाबा शिबू सोरेन के निधन के बाद हुए अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ से नेमरा तक ट्रैफिक जाम व व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन इस बार सुरक्षा व यातायात प्रबंधन बेहतर रहा.
एसपी मुकेश कुमार लुणायत स्वयं पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे. रामगढ़ कोठार चौक से गोला चौक तक पुलिस बल मुस्तैद रहा व यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहा. गोला चौक से बरलंगा चौक के बीच पड़ने वाले चार रेलवे फाटकों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए दोनों ओर करीब 200 मीटर तक वन-वे व्यवस्था लागू कर डिवाइडर लगाए गए थे.
यहां भी पुलिसकर्मी लगातार यातायात की निगरानी करते रहे. बरलंगा चौक से मुख्य कार्यक्रम स्थल लुकैयाटांड तक जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात रहे. एसपी सुबह दस बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक संभावित संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण करते रहे.
कार्यक्रम के दौरान भी वे मंच से वॉकी-टॉकी के माध्यम से डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा और अन्य अधिकारियों को बैरिकेडिंग व भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश देते रहे. मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था अनुशासित और सुव्यवस्थित रही.
