रामगढ़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरकर जिलेवासियों से भी समय पर प्रपत्र भरने की अपील की.
उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन व त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है. उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित अवधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करने अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों व आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर संबंधित पदाधिकारियों व बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से अपने परिवार व परिचितों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया.
