गोला. गोला के बनतारा में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 17 से 21 जनवरी तक सरकारी मेला आयोजित किया जा रहा है. मेला को सुचारु व पारदर्शी बनाये रखने की मांग कांग्रेस महासचिव अमित कुमार महतो ने की है. इस संबंध में उन्होंने सीओ को लिखित आवेदन सौंपा है. जिसमें कहा गया है कि गोला ग्रामीण क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के झूले व मनोरंजन के साधन न्यूनतम दर पर लगाये जायें. ताकि आम ग्रामीण परिवार भी मेला का आनंद उठा सकें. साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि मेला में किसी भी राजनीतिक, गैर-राजनीतिक अथवा वीआईपी व्यक्ति को झूला या अन्य मनोरंजन साधनों के लिये फ्री पास की व्यवस्था विभाग द्वारा न की जाये. इससे अव्यवस्था फैलने के साथ-साथ सरकारी राजस्व की हानि होने की संभावना रहती है. मेला में राजस्व वसूली की जिम्मेदारी केवल अधिकृत सरकारी अधिकारियों को दिये जाने तथा उन्हें पहचान पत्र (आईडी कार्ड) निर्गत करने की भी मांग की गयी है. गैर सरकारी व्यक्तियों को किसी प्रकार की वसूली का दायित्व न देने की बात कही गयी है, क्योंकि इससे गुटबाजी व विवाद की आशंका बनी रहती है. इसके अलावा किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए 22 जनवरी की सुबह मेला टांड को खाली कराने का आग्रह किया गया है, ताकि किसान वहां अपनी सब्जी व अन्य उत्पादों की बिक्री कर सकें. गौरतलब हो कि डेली मार्केट परिसर में ही मेला का संचालन हो रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
