पतरातू. एनटीपीसी मजदूर यूनियन एटक, पीवीयूएनएल शाखा पतरातू की बैठक रविवार को भाकपा अंचल सचिव सह यूनियन शाखा सचिव मनोज कुमार महतो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मजदूरों की समस्याओं, स्थानीय युवाओं के रोजगार और औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई.
मजदूरों के लिए विश्राम कक्ष, शुद्ध पेयजल, शौचालय और कैंटीन की व्यवस्था
बैठक को संबोधित करते हुए मनोज कुमार महतो ने कहा कि यूनियन की ओर से पीवीयूएनएल प्रबंधन के सामने उठाई गई कई मांगों पर सकारात्मक पहल की जा रही है. इनमें स्थानीय युवाओं को मैनपावर में 75 प्रतिशत रोजगार देने, मजदूरों के लिए विश्राम कक्ष, शुद्ध पेयजल, शौचालय और कैंटीन की व्यवस्था शामिल है. इसके अलावा बाइक पार्किंग स्थल पर पीसीसी निर्माण, सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने और दोनों गेट के सामने गति अवरोधक बनाने की मांग भी रखी गई है.
अक्टूबर से नाइट अलाउंस की मांग
मनोज कुमार महतो ने कहा कि मैनपावर के संगठित मजदूरों को अक्टूबर से रात्रि भत्ता यानी नाइट अलाउंस देने की मांग यूनियन ने प्रबंधन के सामने रखी है. उन्होंने प्रबंधन से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की.
ठेका मजदूरों को भुगतान के बिना हटाने का मुद्दा
बैठक में बीएचईएल द्वारा संचालित एजेंसियों में काम करने वाले ठेका मजदूरों को पूर्ण और अंतिम भुगतान किए बिना काम से हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया गया. मनोज कुमार महतो ने कहा कि मजदूरों को फुल एंड फाइनल सेटलमेंट दिए बिना हटाना उचित नहीं है. यूनियन ने इस मामले को लेकर पीवीयूएनएल प्रबंधन को शिकायत पत्र सौंपने का निर्णय लिया.
यदि मजदूरों की समस्याओं के समाधान नहीं हुई तो आंदोलन
बैठक में कहा गया कि यदि मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा. बैठक में मनोज पाहन, नरेश बेदिया, प्रदीप सिंह, आनंद सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अलमान खान, भगत महतो, मोहन साहू, जगन्नाथ महतो, चंदन कुमार, राजू पासवान, मुकुंद महतो, रामप्रीत गंजू, जाल उरांव, सत्यनारायण सिंह, राजेश एक्का, राजेश ठाकुर, संदीप ठाकुर और मनीष कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
