रामगढ़: बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2026 के तहत किसानों को खरीफ फसल का बीमा कराने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से डीडीसी आशीष अग्रवाल ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तहत खरीफ फसल 2026 का बीमा कराया जा रहा है.
31 अगस्त तक करा सकते हैं फसल का बीमा
किसान फसल बीमा के लिए प्रज्ञा केंद्र या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. योजना के तहत बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गयी है. किसानों से समय पर आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की गयी है. पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि प्रमाण पत्र, बटाई प्रमाण पत्र, फसल बुआई प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर आवश्यक होगा.
एक रुपये टोकन राशि पर मिलेगा बीमा
योजना के तहत एक रुपये की टोकन राशि पर अगहनी धान का 70,100 रुपये प्रति हेक्टेयर और भदई मकई का 54,300 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा किया जाएगा. कृषि विभाग की ओर से किसानों से अपील की गयी है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर फसल बीमा कराकर अपनी खरीफ फसल को संभावित प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के जोखिम से सुरक्षित करें. योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.
